डोंबिवली, महाराष्ट्र: अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में डोंबिवली की रहने वाली एयर होस्टेस रोशनी सोनघरे की मौत हो गई है। रोशनी, जो अपनी दादी-दादा, चाचा-चाची और कुलदेवता से मिलने हाल ही में गांव आई थीं, को घर लौटने के तुरंत बाद लंदन की उड़ान मिल गई और वह दुखद रूप से उसी विमान में थीं जो दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
रोशनी के मामा प्रवीण सुखदरे ने बताया कि रोशनी उनके घर में ही पली-बढ़ी थी। 10×10 के एक छोटे से कमरे से उसने अपने सपनों की उड़ान शुरू की थी। उनके पिता एक टेक्नीशियन हैं, और रोशनी का सपना एयर होस्टेस बनने का था। वह कुछ अलग करना चाहती थी, अपने पंख फैलाना चाहती थी, और उसने वही किया।
शुरुआत में रोशनी ने दो साल तक स्पाइसजेट में काम किया, जिसके बाद उसे एयर इंडिया में नौकरी मिल गई थी। दो दिन पहले ही वह गांव आई थीं, जहां उन्होंने अपने परिजनों से मुलाकात की और कुलदेवता के दर्शन किए।
रोशनी की शादी अभी तय नहीं हुई थी। करीब एक हफ्ते पहले जब उनके मामा ने उनसे शादी के बारे में पूछा था, तो उन्होंने कहा था, “जिससे मुझे पसंद होगा, उसी से शादी करूंगी मामा।”
परिवार इस दुखद खबर से सदमे में है। रोशनी की मां को अभी तक उनकी मौत की खबर नहीं दी गई है, क्योंकि उन्हें लो बीपी की तकलीफ है और फिलहाल उन्हें कुछ भी बताना मुमकिन नहीं हो पा रहा है। रोशनी का छोटा भाई शिप पर है, जबकि उनके बड़े भाई, पिता और अन्य परिजन अहमदाबाद पहुंच चुके हैं।
