फरीदाबाद/गाजियाबाद: हरियाणा एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) को एक बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात गैंगस्टर नीरज फरीदपुरिया और हिमांशु भाऊ गैंग के तीन शार्प शूटरों को कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन बदमाशों पर कुल 1 लाख 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार शूटरों की पहचान फरीदाबाद जिले के फतेहपुर बिल्लौच निवासी नीरज उर्फ गंजा, सोनू और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुकीमपुर मंडैया गांव निवासी विनीत उर्फ गोलू के रूप में की गई है।
एसटीएफ की पलवल टीम ने कोलकाता में छापेमारी कर इन तीनों को दबोचा। पुलिस के मुताबिक, नीरज उर्फ गंजा और सोनू पर 10-10 हजार रुपये का इनाम था, जबकि विनीत उर्फ गोलू पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
जांच में सामने आया है कि शूटर नीरज उर्फ गंजा और सोनू, डीघल निवासी मंजीत की हत्या में शामिल थे। वहीं, विनीत उर्फ गोलू नीरज फरीदपुरिया-हिमांशु भाऊ गैंग का मुख्य शूटर बताया जा रहा है। वह हत्या के एक मुकदमे की सुनवाई के दौरान गाजियाबाद अदालत से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था।
