पूर्वी दिल्ली: पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एक पांच मंजिला इमारत के ढहने से मरने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। गुरुवार सुबह मलबे से दो और शव बरामद किए गए, जिनकी अभी तक पहचान नहीं हो सकी है क्योंकि दोनों शव काफी क्षत-विक्षत स्थिति में मिले हैं। वहीं, इस भयावह हादसे के बीच राहत और बचाव कार्य के दौरान मलबे के नीचे दबा एक आवारा कुत्ता जीवित निकाला गया है।
घटनास्थल पर स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें बुलडोजर की मदद से मलबा हटाने में जुटी हुई हैं। स्थानीय निवासियों का मानना है कि अभी भी कुछ और लोग मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। हालांकि इलाका बेहद संकरा होने और आसपास के अन्य मकानों को नुकसान पहुंचने के कारण बचाव कार्य चलाने में टीम को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी देते हुए जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने हादसे के पीछे तीन मुख्य कारण बताए हैं। उन्होंने बताया कि जिस इमारत को नुकसान पहुंचा है, उसके ठीक बगल वाले मकान में मरम्मत का काम चल रहा था। इसके अलावा दुर्घटनाग्रस्त मकान काफी पुराना था और इसे बिना अनुमति के अवैध तरीके से बनाया गया था। स्थानीय लोगों के मुताबिक पिछले दिनों आए भूकंप की वजह से भी इमारत में दरारें आ गई थीं, जिससे पूरा ढांचा बेहद कमजोर हो गया था। फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि हादसे में घायल हुए चार लोगों को अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
