झारखंड के नरकोपी थाना क्षेत्र स्थित मंदरो गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। घरेलू विवाद के कारण एक युवक ने अपनी सास और पत्नी पर चाकू व साबल से प्राणघातक हमला कर दिया। इस हमले में उसकी सास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतका की पहचान 60 वर्षीया हकीमन खातून के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीया अफसाना खातून को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी सलमान अंसारी ने करीब दो वर्ष पूर्व अफसाना खातून से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही दोनों के बीच अक्सर अनबन और पारिवारिक विवाद रहता था। इसी तनातनी के चलते अफसाना पिछले डेढ़ महीने से अपने मायके मंदरो गांव में रह रही थी। मंगलवार शाम को सलमान अंसारी अपने ससुराल पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सलमान ने अपनी सास पर चाकू और साबल से हमला बोल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई। बीच-बचाव के दौरान उसकी पत्नी भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई।
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अफसाना को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी सलमान अंसारी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है और आरोपी दामाद की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
