Gurugram Hit and Run Case: क्लब पार्टी से लौट रहे बैंसला का खौफनाक कारनामा, 2 किमी पीछा कर सिया को मारी टक्कर

Gurugram Hit and Run Case: गुरुग्राम के चर्चित हिट-एंड-रन मामले की जांच में पुलिस के सामने घटना से जुड़े कई अहम तथ्य सामने आए हैं। SIT से जुड़े सूत्रों के अनुसार, आरोपी जिम मालिक कल्याण बैंसला कथित तौर पर क्लब से लौटते समय कार चला रहा था और उसके साथ तीन दोस्त मौजूद थे।

आरोपी कल्याण बैंसला ने महिला बाइकर सिया का 2 किलोमीटर तक किया पीछा
आरोपी कल्याण बैंसला ने महिला बाइकर सिया का 2 किलोमीटर तक किया पीछा

गुरुग्राम के चर्चित हिट-एंड-रन मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। विशेष जांच टीम (SIT) से जुड़े सूत्रों के अनुसार, महिला बाइकर सिया को अपनी तेज रफ्तार कार से टक्कर मारने वाला आरोपी जिम मालिक कल्याण बैंसला हादसे के वक्त अपने तीन दोस्तों के साथ पूरी रात क्लब में पार्टी करने के बाद घर लौट रहा था। कार खुद बैंसला चला रहा था और लवनीश नाम का उसका साथी बगल वाली सीट पर बैठा हुआ था। जांच में सामने आया है कि बगल में बैठे लवनीश ने ही महिला के बारे में अभद्र टिप्पणी की और बैंसला को महिला बाइकर का पीछा करने के लिए उकसाया था।

2 किलोमीटर तक किया पीछा और जानबूझकर मारी टक्कर

आरोपी की मारुति सुजुकी सियाज कार और पीड़ित बाइकर सिया का पहला आमना-सामना सेक्टर 53 मेट्रो स्टेशन के पास हुआ था। वहां दोनों के बीच बहस हुई, जिसके बाद आरोपी बैंसला ने महिला की अप्रैलिया RS 457 बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। उसने लगभग 2 किलोमीटर तक तेज रफ्तार में कार से महिला बाइकर को खदेड़ा और फिर पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला बाइकर कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई।

गुरुग्राम के डीसीपी (ईस्ट) संदीप कुमार ने बताया कि पीड़िता के अनुसार घटना से पहले कल्याण बैंसला ने उसे अपशब्द भी कहे और जान से मारने की कोशिश की। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि बहस के बाद आरोपी ने जानबूझकर महिला को टक्कर मारी और उसका मकसद पीड़िता की जान लेना ही था।

राजस्थान से गिरफ्तारी के बाद भागने की कोशिश, सीन हुआ रीक्रिएट

हादसे के बाद फरार हुए आरोपी कल्याण बैंसला को मंगलवार को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया। हालांकि, पुलिस हिरासत में आने के तुरंत बाद उसने पेशाब करने के बहाने भागने की कोशिश भी की, लेकिन वह फिसलकर गिर गया और घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने हादसे में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है, जो उसके किसी परिचित के नाम पर रजिस्टर्ड थी। मामले की गहराई से जांच के लिए पुलिस टीम ने क्राइम सीन पर पहुंचकर पूरी घटना को दोबारा रीक्रिएट किया।

नशे की जांच और कार में मौजूद अन्य दोस्तों को नोटिस

जांच अधिकारियों को अंदेशा है कि हादसा के वक्त कार चालक नशे में था। आरोपी के खून और यूरीन के सैंपल जांच के लिए लैब भेज दिए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही नशे की आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी। उधर, गुरुग्राम पुलिस ने कार में मौजूद अन्य दो लड़कों को भी जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया है। एसआईटी जल्द ही उनके बयान दर्ज करेगी और पूछताछ के बाद ही उनकी गिरफ्तारी या आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale