पुणे: महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित एक युवा कार्यक्रम के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। युवाओं के लिए आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ नामक इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर एक युवती अचानक राहुल गांधी के पास पहुंची और सेल्फी लेने के बाद उनके गाल पर किस (चूम) कर दिया। घटना के समय कांग्रेस सांसद राहुल गांधी हाथों में माइक लिए मंच पर मौजूद छात्रों से संवाद कर रहे थे। इस अचानक हुए घटनाक्रम के बाद राहुल गांधी युवती से थोड़ी देर मुस्कुराकर बातचीत करते हुए भी दिखाई दिए।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पीले रंग की शर्ट और ब्लू जींस पहने राहुल गांधी मंच पर छात्रों को संबोधित करने के बाद माइक हाथ में लेकर पीछे की ओर मुड़ रहे थे। तभी हरे रंग की ट्राउजर और ब्लैक टी-शर्ट पहने एक युवती हाथ में मोबाइल फोन लेकर राहुल गांधी की ओर आई। राहुल गांधी ने सामान्य प्रक्रिया के तहत उसके साथ सेल्फी खिंचवाने के लिए अपने दूसरे हाथ से युवती को कंधे से पकड़ा और पोज देने लगे। इसी दौरान युवती ने अचानक आगे बढ़कर राहुल गांधी के गाल पर किस कर लिया।
यह नजारा सामने आते ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोग हैरान रह गए, वहीं इसके तुरंत बाद वीडियो इंटरनेट पर तेजी से शेयर होने लगा। सोशल मीडिया पर इस वीडियो के सामने आने के बाद यूजर्स की ओर से तरह-तरह की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं और कमेंट्स देखने को मिल रहे हैं। कुछ यूजर्स इसे नेताओं और जनता के बीच की सहजता और आत्मीयता से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ लोग इसे सार्वजनिक मंच पर आचरण और सुरक्षा से जोड़कर टिप्पणी कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर कृष्णा यादव नामक एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा कि भारतीय राजनीति में ऐसा कम ही देखने को मिलता है जहां लोग किसी नेता के साथ इतनी आसानी से घुलमिल सकें। वहीं आयुष जयप्रकाश नाम के एक अन्य यूजर ने लिखा कि युवा और छात्र राहुल गांधी के साथ काफी कम्फर्टेबल महसूस करते हैं। दूसरी ओर, कुछ आलोचकों और सोशल मीडिया यूजर्स ने इस घटना को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर तंज भी कसे हैं। बहरहाल, पुणे के इस कार्यक्रम की यह क्लिप लगातार राष्ट्रीय मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर चर्चा का केंद्र बनी हुई है।
