नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देर रात रोहिणी के बरवाला चौक इलाके में मुठभेड़ के बाद गोगी गैंग से जुड़े कुख्यात बदमाश विकास शाका को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी थी, जिसके जवाब में स्पेशल सेल ने कार्रवाई करते हुए उसे पैर में गोली मारकर दबोच लिया।
विकास शाका पर आरोप है कि उसने हरियाणा में दुश्मनी के चलते एक व्यक्ति का अपहरण किया, फिर गला घोंटकर हत्या की और शव को राजस्थान के किशनगढ़ इलाके में जलाकर फेंक दिया। इस वारदात को लेकर राजस्थान के अलवर में मुकदमा दर्ज है, जबकि हरियाणा में मृतक की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
स्पेशल सेल को सूचना मिली थी कि विकास देर रात रोहिणी इलाके में आएगा, जिसके बाद इलाके में जाल बिछाया गया। मुठभेड़ के बाद उसे काबू कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्तौल, कारतूस और एक बाइक भी बरामद की है। फिलहाल पुलिस उससे हत्या और गैंग कनेक्शन समेत पूरे घटनाक्रम की गहराई से पूछताछ कर रही है।
