Chhatrapati Sambhajinagar: iPhone की EMI के विवाद में एक परिवार के 3 लोगों की मौत? वायरल वीडियो ने खोला नया एंगल

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (वालुज MIDC) के तिसगांव में एक ही परिवार के तीन लोगों—मुरलीधर चांगगुडे (48), उनकी पत्नी संगीता (47) और बेटे कुणाल (19)—की पहाड़ी से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई।

छत्रपति संभाजीनगर: मौत से पहले मां संगीता का भावुक वीडियो वायरल
छत्रपति संभाजीनगर: मौत से पहले मां संगीता का भावुक वीडियो वायरल

छत्रपति संभाजीनगर: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के वालुज MIDC इलाके में स्थित तिसगांव में शुक्रवार दोपहर एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत से सनसनी फैल गई। शुरुआती रिपोर्ट्स में इस घटना की वजह 19 वर्षीय बेटे द्वारा iPhone खरीदने और उसकी ईएमआई (EMI) को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा था। हालांकि, घटना के बाद मृतक महिला का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है, जिससे पारिवारिक विवाद और संपत्ति से जुड़ी कलह की बात भी सामने आ रही है।

मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांगगुडे, उनकी पत्नी संगीता (47) और उनके 19 वर्षीय बेटे कुणाल के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह दर्दनाक घटनाक्रम शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ। कुणाल नया मोबाइल फोन खरीदने की जिद कर रहा था। इसी बात को लेकर घर में बहस हुई और नाराज होकर कुणाल पास की ही करीब 400-500 फीट ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया। अपने बेटे की जान बचाने के लिए पिता मुरलीधर और मां संगीता भी उसके पीछे पहाड़ी पर गए। वहां पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की टीमों ने भी परिवार को समझाने और बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन दुर्भाग्यवश पूरे परिवार की पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई।

घटना के बाद संगीता चंदवाड़े का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो उन्होंने इस दुखद घटना से ठीक एक दिन पहले बनाया था। वीडियो में संगीता रिश्तों, मूल्यों और पारिवारिक तनातनी पर बोलती दिख रही हैं। वह कहती नजर आ रही हैं कि अगर किसी रिश्ते में दोनों तरफ से सम्मान न हो, तो उससे बाहर निकल जाना ही सही होता है। वीडियो में उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा, “तुमने मेरा और मेरे बेटे का हक लिया… प्रॉपर्टी के लिए कभी भाइयों और मां-बाप को एक नहीं होने दिया… मेरे हंसते खेलते संसार में जहर घोल दिया। मेरे बेटे को उसके पिता से दूर किया… आने वाली सात पीढ़ियों तक परेशान रहोगे, यह मेरा शब्द है।”

इस भावुक वीडियो के सामने आने के बाद मौतों के पीछे छिपे पारिवारिक और मानसिक तनाव की थ्योरी भी बल पकड़ रही है। वहीं, छत्रपति संभाजीनगर सिटी पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मोबाइल फोन और उसकी खरीद को लेकर हुए झगड़े को ही इस त्रासदी का तात्कालिक कारण माना गया था। सीनियर पुलिस अधिकारी रामेश्वर गाडे के अनुसार, पेशे से ड्राइवर मुरलीधर और उनके परिवार को बचाने के काफी प्रयास किए गए थे, लेकिन एक फोन के विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी औपचारिकताओं के लिए भेज दिया है और वायरल वीडियो व अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहराई से जांच की जा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale