Ranchi Student Protest: जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों के लिए भोजन और अन्य व्यवस्थाएं संभालने वाले मोहम्मद जुनैद अब झारखंड की राजधानी रांची पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा है कि जिस तरह उन्होंने जंतर-मंतर पर छात्रों के लिए व्यवस्था की थी, उसी तरह अब रांची में चल रहे आंदोलन के दौरान भी प्रदर्शनकारियों के साथ खड़े रहेंगे और आंदोलन समाप्त होने तक उनकी सेवा करेंगे।
गाजियाबाद निवासी मोहम्मद जुनैद जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान लगातार प्रदर्शनकारियों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था करते नजर आए थे। इसी वजह से वह चर्चा में आए। हालांकि बाद में फंडिंग को लेकर उठे सवालों के चलते वह विवादों में भी रहे। जुनैद का दावा है कि इस मामले में पुलिस ने उन्हें और उनके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी।
गुरुवार को मोहम्मद जुनैद रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम स्थित धरनास्थल पर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर की तरह यहां भी छात्र-छात्राओं के हित में काम करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि फिलहाल वह आंदोलन की स्थिति को समझ रहे हैं और इसके बाद भोजन व अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करेंगे।
जुनैद ने कहा कि जेपीएएसी से जुड़े छात्रों के साथ अन्याय हुआ है और पूरे मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए। उन्होंने आंदोलनकारियों की सभी मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से उन्हें स्वीकार करने की अपील भी की।
इस बीच यह भी साफ हो गया है कि जंतर-मंतर आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले मोहम्मद जुनैद को कॉकरोच जनता पार्टी की कोर टीम में शामिल नहीं किया गया है। रांची पहुंचने के बाद यह भी स्पष्ट हुआ कि उन्हें छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित कोर कमेटी की बैठक में नहीं बुलाया गया, जहां अभिजीत दीपके की अगुवाई में संगठन के प्रमुख सदस्य भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं।
मोहम्मद जुनैद ऐसे समय में रांची पहुंचे हैं, जब सोशल मीडिया पर लगातार अभिजीत दीपके और सीजेपी के अन्य नेताओं से झारखंड जाकर आंदोलन का समर्थन करने की मांग की जा रही है। इससे पहले अभिजीत दीपके ने कहा था कि उनकी पूरी टीम की तबीयत खराब होने के कारण वे तत्काल झारखंड नहीं पहुंच सके, हालांकि उन्होंने वहां जाने की बात कही थी। उन्होंने आंदोलनकारियों से फोन पर बातचीत भी की थी।
