Greater Noida Crime: गुटखा मांगने पर विवाद में चली गोली, पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार को मारी गोली; आरोपी फौजी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र स्थित खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने पर हुए विवाद में पड़ोसी सुरेंद्र फौजी ने लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल दुकानदार का इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया है।

Gun
Gun

ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी भनौता गांव में गुटखा मांगने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी झड़प में बदल गया। पड़ोसी ने लाइसेंसी पिस्टल से दुकानदार पर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 42 वर्षीय उदय प्रताप अपनी दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला सुरेंद्र फौजी दुकान पर गुटखा लेने पहुंचा। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज में बदल गई। विवाद बढ़ने पर सुरेंद्र फौजी ने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया।

गोली उदय प्रताप के पेट के निचले हिस्से में लगी और आर-पार निकल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जांच के बाद बताया कि गोली शरीर से बाहर निकल चुकी है और आंतरिक अंग सुरक्षित हैं। फिलहाल घायल की हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई जा रही है।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुरेंद्र फौजी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale