नई दिल्ली: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने अमेरिका दौरे के दौरान मंगलवार को अमेरिकी सीनेटरों से मुलाकात कर रूस के खिलाफ जारी युद्ध में सैन्य सहयोग बढ़ाने की अपील की। उन्होंने खास तौर पर एंटी-बैलिस्टिक मिसाइल रक्षा प्रणाली की जरूरत बताते हुए कहा कि यूक्रेन को अपनी सुरक्षा मजबूत करने के लिए इस तरह की तकनीक की आवश्यकता है।
यह बैठक ऐसे समय हुई, जब अमेरिकी सीनेट में रूस पर नए प्रतिबंध लगाने और रूसी तेल खरीदने वाले देशों पर भारी टैरिफ लगाने से जुड़े विधेयक पर मतदान प्रस्तावित था। बैठक के बाद जेलेंस्की ने कहा कि रूस पर आर्थिक दबाव बनाए रखना बेहद जरूरी है। उनके अनुसार, इससे केवल युद्ध के लिए मिलने वाली आर्थिक मदद प्रभावित नहीं होगी, बल्कि यूरोप और यूक्रेन के समर्थन का भी स्पष्ट संदेश जाएगा।
बैठक में फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब भी मौजूद रहे। दोनों नेता वाशिंगटन में दिवंगत अमेरिकी सीनेटर लिंडसे ग्राहम की स्मृति सभा में शामिल होने पहुंचे थे। लिंडसे ग्राहम लंबे समय से रूस पर कड़े प्रतिबंध लगाने के समर्थक माने जाते थे।
Today in Washington, we had a major meeting with representatives of both parties in the Senate – more than 60 senators were present. Thank you for this support and for your high assessment of the results of our warriors on the front lines and Ukraine’s ability to respond justly… pic.twitter.com/RjyDVBscju
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) July 29, 2026
जेलेंस्की ने दोहराया कि यूक्रेन अपने संसाधनों से ड्रोन जैसे खतरों का मुकाबला कर सकता है, लेकिन रूसी बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत बनी हुई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने बताया कि अमेरिकी सीनेट में दोनों दलों के 60 से अधिक सांसदों के साथ उनकी चर्चा हुई। उन्होंने यूक्रेन को मिल रहे समर्थन के लिए सभी का धन्यवाद दिया और कहा कि बातचीत में एंटी-बैलिस्टिक डिफेंस सबसे प्रमुख मुद्दा रहा।
जेलेंस्की ने यह भी बताया कि रूस पर प्रतिबंध से जुड़े विधेयक को अमेरिकी सीनेट में 86 सांसदों का समर्थन मिला। उनके मुताबिक, यह फैसला रूस पर दबाव बढ़ाने और शांति की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।
अमेरिकी दौरे के दौरान जेलेंस्की ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से भी मुलाकात की। उन्होंने ट्रंप के सामने पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम उपलब्ध कराने का अनुरोध रखा। इसके अलावा उन्होंने पैट्रियट मिसाइल प्रणाली बनाने वाली कंपनी लॉकहीड मार्टिन के अधिकारियों से भी बातचीत की।
