नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के जरिए चर्चा में आए मोहम्मद इरफान इन दिनों सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अपनी बातें जिस अंदाज में रखीं, उसका हर कोई कायल हो गया। एक सामान्य श्रमिक होने के बावजूद संविधान और साहित्य के प्रति उनकी गहरी समझ देखकर लोग काफी प्रभावित हुए। इरफान का वीडियो वायरल होने के बाद खुद कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी उनसे मिलने उनके घर पहुंचे।
प्रियंका गांधी ने मजाकिया अंदाज में कहा— ‘राहुल को समझाएं कि शादी कर लें’
इरफान के घर पर मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने अपनी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा से भी इरफान की फोन पर बात कराई। एक इंटरव्यू में इस बातचीत का खुलासा करते हुए इरफान ने बताया कि प्रियंका गांधी ने उनसे मजाकिया लहजे में कहा कि वह राहुल गांधी को समझाएं कि वे शादी कर लें, क्योंकि उनके भाई उनकी बात नहीं सुनते।
इस पर अपनी प्रतिक्रिया का जिक्र करते हुए इरफान ने बताया, “मैंने प्रियंका जी से कहा कि मुझे उम्मीद है कि राहुल गांधी शादी नहीं करेंगे।”
लोकतंत्र, संविधान और मजदूरों के हक पर हुई चर्चा
राहुल गांधी ने इस मुलाकात के दौरान इरफान से देश के लोकतंत्र, संविधान और श्रमिकों के अधिकारों को लेकर विस्तार से चर्चा की। जाते-जाते राहुल गांधी ने इरफान और उनके पूरे परिवार को संसद आने का न्योता भी दिया।
इरफान ने बताया कि राहुल गांधी से उनकी कोई व्यक्तिगत मांग नहीं थी। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष से अपील की कि वे मजदूरों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मुद्दों को इसी तरह प्रमुखता से उठाते रहें। इसके साथ ही इरफान ने राहुल गांधी द्वारा ऑटो चालकों, मैकेनिकों, मजदूरों और कुलियों से मिलकर उनकी समस्याओं को जानने और उनका समाधान ढूंढने की कोशिशों की भी सराहना की।
जंतर-मंतर पर अपने अंदाज से दिल जीत चुके हैं इरफान
जंतर-मंतर पर आंदोलन के दौरान दिए गए एक इंटरव्यू में इरफान श्रमिकों की समस्याओं पर बात करते-करते काफी भावुक हो गए थे। सीमित संसाधनों के बावजूद जिस तरह उन्होंने संविधान और साहित्य के उदाहरण देकर सामाजिक मुद्दों पर अपनी बात रखी, उससे लोग काफी प्रभावित हुए और उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
