नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली स्थित जंतर मंतर पर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा के बेहद कड़े और पुख्ता इंतजाम किए हैं। जयसिंह मार्ग के ठीक सामने जंतर मंतर की प्रोटेस्ट साइट है और बीच में संसद मार्ग पड़ता है। पुलिस ने इस पूरे इलाके को चारों तरफ से 6 से 7 लेयर की भारी बैरिकेडिंग करके पूरी तरह घेर रखा है। इसके बावजूद संसद मार्ग यानी कनॉट प्लेस (सीपी) की तरफ से लगातार भीड़ बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।
प्रदर्शनकारियों से निपटने और हालात काबू में रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को एक नए और अनोखे स्तर पर पहुंचा दिया है। सड़क पर तीन अलग-अलग लेयर में बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इन्हें हटाने या गिराने की किसी भी कोशिश को नाकाम करने के लिए सभी बैरिकेड्स को आपस में लोहे की चेन और मजबूत रस्सियों से कसकर बांधा गया है ताकि एक भी बैरिकेड अलग न हो सके। सबसे खास बात यह है कि बैरिकेड्स के नीचे लोहे की मोटी शीट्स लगाई गई हैं, जिन्हें लोहे के एंगल और बड़ी-बड़ी कीलों व पेंचों की मदद से सीधे सड़क पर ही फिक्स कर दिया गया है।
कुछ जगहों पर ठोकते समय बड़ी कीलें मुड़ भी गई हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सड़क के साथ पूरी तरह मजबूती से गाड़ दिया गया है। पूरी सड़क और आगे की पूरी लाइन में किया गया यह सुरक्षा इंतजाम पुलिस के साफ मकसद को दर्शाता है कि अगर हालात बिगड़ें और प्रदर्शनकारी आगे बढ़कर धक्का दें, तब भी ये बैरिकेड अपनी जगह से टस से मस न हो सकें।
मौके पर मौजूद जॉइंट सीपी विजय सिंह अपनी टीम के साथ संसद मार्ग पर स्थिति की निगरानी करते नजर आए। उन्होंने बताया कि फिलहाल इलाके में हालात सामान्य हैं। बैरिकेड्स को इस नए और अनोखे तरीके से सड़क में फिक्स करने के सवाल पर जॉइंट सीपी का कहना था कि सक्षम प्राधिकारी (कॉम्पिटेंट अथॉरिटी) को जो भी सही लग रहा है, वे वही कदम उठा रहे हैं।
