भारत 12-13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। वैश्विक सहयोग, व्यापार और सतत विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारत ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान को सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। हालांकि, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना से जुड़ा मुद्दा तारिक रहमान के भारत दौरे में एक अहम चुनौती माना जा रहा है।
बांग्लादेश की विदेश राज्य मंत्री शमा ओबेद इस्लाम ने गुरुवार को बताया कि भारतीय पक्ष से निमंत्रण प्राप्त हुआ है और उसे प्रधानमंत्री कार्यालय को भेज दिया गया है। हालांकि, उन्होंने इस संबंध में कोई अतिरिक्त जानकारी साझा नहीं की।
शमा ओबेद इस्लाम ने कहा कि बांग्लादेश एक लोकतांत्रिक देश होने के नाते क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भारत एक बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में अपने आंतरिक मुद्दों का समाधान करेगा और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पद संभालने के बाद फरवरी में भी तारिक रहमान को भारत आने का निमंत्रण दिया था। हालांकि, तारिक रहमान अब तक भारत आने का राजनीतिक जोखिम उठाने के लिए तैयार नहीं दिखे हैं। इसकी एक वजह यह मानी जा रही है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना भारत में मौजूद हैं और इस मुद्दे पर बांग्लादेश के भीतर संभावित राजनीतिक प्रतिक्रिया को लेकर चिंता बनी हुई है।
इस बीच, बांग्लादेश की ब्रिक्स सदस्यता की इच्छा भी चर्चा में है। रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश ब्रिक्स का सदस्य बनने का इच्छुक है और उसे पहले ही चीन और रूस का समर्थन प्राप्त हो चुका है।
नई दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के शामिल होने की उम्मीद है। वहीं, तारिक रहमान हाल ही में मलेशिया और चीन का दौरा कर चुके हैं तथा इस वर्ष के अंत में संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए जापान और अमेरिका जाने की योजना भी बना रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत के निमंत्रण की आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार है। इससे पहले वर्ष 2016 में, जब भारत ने पिछली बार ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी की थी, तब भी बांग्लादेश को बिम्सटेक सदस्य के रूप में ब्रिक्स आउटरीच सत्र के लिए आमंत्रित किया गया था।
इसी क्रम में विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने गुरुवार को मनीला में आसियान रीजनल फोरम के विदेश मंत्रियों की बैठक के इतर बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान से मुलाकात की। ढाका के एक अधिकारी के अनुसार, दोनों नेताओं ने इस दौरान एक-दूसone का अभिवादन किया।
