बिहार के समस्तीपुर जिले से एक बेहद दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सोमवार सुबह वैनी थाना क्षेत्र के कजिया गांव में स्कूल जा रही इंटरमीडिएट (12वीं) की एक छात्रा की बीच सड़क पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। बाइक पर सवार होकर आए बेखौफ बदमाशों ने छात्रा को निशाना बनाते हुए एक के बाद एक कई राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
मृतक छात्रा की पहचान कजिया गांव के वार्ड संख्या-14 निवासी उमेश ठाकुर की पुत्री सोनम कुमारी के रूप में हुई है। वह पूसा रोड स्थित कस्तूरबा विद्यालय में 12वीं कक्षा में पढ़ाई कर रही थी। सोमवार सुबह करीब 9:00 बजे वह हमेशा की तरह अपनी स्कूल यूनिफॉर्म पहनकर पैदल ही विद्यालय के लिए घर से निकली थी। अभी वह अपने घर से कुछ ही दूरी पर स्थित कजिया मलंग स्थान के पास पहुंची थी, तभी घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने उस पर अचानक हमला बोल दिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने छात्रा को करीब चार गोलियां मारीं, जिससे उसने घटनास्थल पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद सड़क पर स्कूल ड्रेस में खून से लथपथ छात्रा का शव पड़ा देख राहगीरों और ग्रामीणों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना की भनक लगते ही मृतका के रोते-बिलखते परिजन और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। इस हत्या को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कानून-व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने स्थानीय थाने के सामने सड़क पर टायर जलाकर जोरदार हंगामा किया और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व बवाल किया, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वैनी थाना पुलिस तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने उग्र लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस की फॉरेंसिक और जांच टीम ने घटनास्थल का मुआयना करते हुए वहां से कारतूस के चार खाली खोखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले की छानबीन के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को जुटाना शुरू कर दिया है।
इस मामले में मृतका की मां संगीता देवी ने गांव के ही एक युवक पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। मां का कहना है कि उनकी बेटी की बातचीत गांव के ही एक लड़के से होती थी और उसी ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उन्होंने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि घटना से ठीक एक दिन पहले रविवार को उक्त युवक द्वारा उनकी बेटी को जबरन शादी करने की धमकी भी दी गई थी और बात न मानने पर अंजाम भुगतने को कहा गया था।
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) अरविंद प्रताप सिंह और सदर एसडीपीओ-1 सह सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) संजय कुमार पांडेय खुद सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की पूरी जानकारी लेते हुए उन्हें सांत्वना दी। मामले की जानकारी देते हुए सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस को जैसे ही सूचना मिली, टीम तुरंत एक्शन में आ गई। घटनास्थल से चार खोखे मिले हैं और शुरुआती तफ्तीश में पुलिस के हाथ कुछ बेहद महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। इन सुरागों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही मुख्य आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से जांच कर रही है।
