MQM संस्थापक अल्ताफ हुसैन का शहबाज सरकार पर बड़ा हमला, बोले- देश संकट में, सरकार विदेशी मुद्दों में उलझी

MQM के संस्थापक अल्ताफ हुसैन ने एक वीडियो जारी कर पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख असीम मुनीर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने PoJK, बलूचिस्तान के संकट और भारत की परमाणु क्षमता का जिक्र करते हुए पाक नेतृत्व को घेरा।

अल्ताफ हुसैन ने सेना प्रमुख असीम मुनीर और शहबाज शरीफ पर साधा निशाना
अल्ताफ हुसैन ने सेना प्रमुख असीम मुनीर और शहबाज शरीफ पर साधा निशाना

पाकिस्तान के निर्वासित नेता और मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक अल्ताफ हुसैन ने शहबाज शरीफ सरकार और सेना प्रमुख असीम मुनीर पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश गंभीर आंतरिक संकटों से जूझ रहा है, लेकिन सरकार और सैन्य नेतृत्व विदेशी मामलों में उलझा हुआ है। अल्ताफ हुसैन ने कहा कि कश्मीर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, बलूचिस्तान में लोग शवों के साथ धरना दे रहे हैं, खैबर पख्तूनख्वा की सुरक्षा व्यवस्था बिगड़ी हुई है और भारत ने परमाणु पनडुब्बियां तैनात कर दी हैं, फिर भी पाकिस्तान के शासक देश के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान नहीं दे रहे।

अल्ताफ हुसैन का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoJK) में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन जारी हैं। रावलाकोट में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने का दावा किया गया। प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान सरकार के खिलाफ नारे लगाए और क्षेत्र में अधिकारों तथा स्वायत्तता की मांग तेज कर दी।

लंदन में निर्वासन का जीवन बिता रहे अल्ताफ हुसैन पाकिस्तान की राजनीति के सबसे चर्चित और विवादास्पद नेताओं में गिने जाते हैं। वह मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट (MQM) के संस्थापक हैं, जो मुख्य रूप से विभाजन के बाद भारत से पाकिस्तान गए उर्दू भाषी मुहाजिर समुदाय के हितों की राजनीति करती है। कभी कराची और सिंध की राजनीति में उनका बड़ा प्रभाव था, लेकिन बाद में उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए और उन्हें पाकिस्तान में देशद्रोह सहित विभिन्न आरोपों का सामना करना पड़ा।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए एक वीडियो में अल्ताफ हुसैन ने पाकिस्तानी सेना और सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि बलूचिस्तान में आज भी कई परिवार अपने मारे गए परिजनों के शवों के साथ न्याय की मांग कर रहे हैं, खैबर पख्तूनख्वा की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और महंगाई ने आम लोगों का जीवन कठिन कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, विदेश मंत्री और सेना प्रमुख असीम मुनीर देश के अंदरूनी संकटों की बजाय अंतरराष्ट्रीय मुद्दों में अधिक व्यस्त हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान सरकार और सेना गिलगित-बाल्टिस्तान, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में उभर रहे राजनीतिक, सामाजिक और सुरक्षा संबंधी संकटों का समाधान करने में विफल रही है। उनके अनुसार सरकार को सबसे पहले देश के भीतर बढ़ते असंतोष, मानवाधिकारों से जुड़े आरोपों और जनता की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale