हरियाणा के गुरुग्राम में गुरुवार रात सुशांत लोक फेस-2 इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दीपक नांदल गैंग के चार बदमाश मारे गए, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस एनकाउंटर में गुरुग्राम पुलिस के तीन पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, क्राइम ब्रांच को कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध स्कॉर्पियो में हथियारबंद अपराधी सुशांत लोक इलाके में मौजूद हैं। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बदमाश एसजीटी यूनिवर्सिटी के संस्थापक के बेटे और पार्टनर विशाल बेरी के घर पर अत्याधुनिक हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। बताया गया कि विशाल बेरी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और उन्हें विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से लगातार धमकी भरे संदेश मिल रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, क्राइम ब्रांच की टीम ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में स्कॉर्पियो में सवार सभी पांच बदमाश घायल हो गए। उन्हें तुरंत एक निजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज जारी है।
मुठभेड़ में घायल हुए तीन पुलिसकर्मियों को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत स्थिर है और उन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही डीसीपी क्राइम और डीसीपी ईस्ट मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मौके से हथियार भी बरामद किए गए हैं।
सुशांत लोक मुठभेड़ को लेकर एसीपी सदर धर्मवीर सिंह ने बताया कि बदमाशों को विदेश में बैठे गैंगस्टर से निर्देश मिल रहे थे। उनके अनुसार, सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इलाके में तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान बदमाश एक बड़े व्यापारी के घर में घुस गए और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग हुई।
पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर दीपक नांदल विदेश में रहकर अपने गुर्गों को हरियाणा और अन्य राज्यों में दहशत फैलाने के लिए गुप्त रूप से हथियार और पैसे उपलब्ध कराता है। एसटीएफ ने पिछले वर्ष उसके गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया था। जांच में यह भी सामने आया था कि गैंग के सदस्य जंगी और सिग्नल ऐप के माध्यम से दीपक नांदल के संपर्क में रहते थे। गिरफ्तार सदस्य के मोबाइल की जांच के दौरान इस्तेमाल किए गए डिवाइस का आईपी एड्रेस पुर्तगाल का मिला था। वहीं, कुछ सूत्रों के अनुसार दीपक नांदल वर्तमान में लंदन या दुबई से अपने गिरोह का संचालन कर रहा है।
