अयोध्या राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी के बीच अब बीजेपी नेता और बजरंग दल के संस्थापक विनय कटियार ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि धन का गबन हुआ है और इस संबंध में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी बात की है। विनय कटियार ने कहा कि आने वाले दिनों में चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा जेल जा सकते हैं।
इधर, मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (SIT) ने गुरुवार को अयोध्या में करीब आठ घंटे तक मैराथन जांच की। सूत्रों के अनुसार, दोपहर 1:40 बजे से रात 8:30 बजे तक जांच चली। IPS किरण एस की मौजूदगी में SIT की टीम मंदिर परिसर पहुंची और पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल की। इस दौरान ट्रस्ट के पदाधिकारियों से भी पूछताछ किए जाने की चर्चा रही।
जांच के दौरान आरोपी अनुकल्प मिश्रा को लेकर भी नया दावा सामने आया है। बताया जा रहा है कि उनके नाम पर मंदिर में व्यवस्था कार्यकर्ता के रूप में प्रवेश पास जारी किया जाता था। आरोप है कि मंदिर के विशेष कार्यक्रमों के दौरान इसी पास के जरिए उन्हें मंदिर परिसर में प्रवेश मिलता था और इसी आधार पर वह कथित रूप से चढ़ावे की राशि की गिनती की प्रक्रिया में शामिल होता था।
वहीं, मामले के एक अन्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के भाई दिनेश यादव पहली बार मीडिया के सामने आए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को झूठा फंसाया गया है। दिनेश यादव का दावा है कि टिन्नू यादव पूरी तरह निर्दोष है और बड़े पदाधिकारी खुद को बचाने के लिए उसे मोहरा बना रहे हैं।
मामले की जांच फिलहाल जारी है और SIT विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपों की जांच के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई और जिम्मेदारी तय होगी।
