16th India-Japan Annual Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज, 2 जुलाई को नई दिल्ली में जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची के साथ वार्षिक भारत-जापान शिखर वार्ता करेंगे। इस शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा के साथ-साथ उसे और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी।
नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में आयोजित होने वाली इस बैठक के दौरान दोनों नेता आपसी हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। बैठक के बाद दोनों देशों के बीच कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की भी उम्मीद है।
जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची बुधवार को तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचीं। यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, वह 1 से 3 जुलाई तक आयोजित 16वें भारत-जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आई हैं।
इससे पहले उनका गुवाहाटी दौरा प्रस्तावित था, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ शिखर बैठक आयोजित किए जाने की योजना थी। हालांकि, यात्रा शुरू होने से कुछ दिन पहले इस कार्यक्रम में बदलाव कर दिया गया और वह योजना रद्द कर दी गई।
