Afghanistan Airstrike Pakistan: अफगानिस्तान ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तान के भीतर सैन्य कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर एयरस्ट्राइक की है। अफगानिस्तान के अनुसार, उसकी वायुसेना ने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में फाइटर जेट्स और ड्रोन के जरिए कथित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया।
अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि बलूचिस्तान के पिशिन जिले के सरनान इलाके में स्थित आईएसआईएस के एक संयुक्त केंद्र को इस कार्रवाई में नष्ट कर दिया गया। मंत्रालय के अनुसार, चित्राल की शाह सलीम घाटी और खैबर पख्तूनख्वा के कंबर खेल क्षेत्र में भी दाएश (ISIS) के ठिकानों पर हवाई हमले किए गए, जिससे इन ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा।
अफगान सरकार का कहना है कि जिन ठिकानों को निशाना बनाया गया, उनका इस्तेमाल अफगानिस्तान के भीतर नागरिकों के खिलाफ हमलों और तोड़फोड़ की साजिश रचने के लिए किया जा रहा था। रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि कार्रवाई सटीक तरीके से की गई और इसमें समूह को भारी नुकसान हुआ, जबकि किसी भी नागरिक की जान नहीं गई।
अफगानिस्तान ने यह भी कहा है कि उसकी सुरक्षा के लिए खतरा बनने वाले हर ठिकाने को भविष्य में भी निशाना बनाया जाएगा। रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान को और कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।
अफगानिस्तान ने इस अभियान को पाकिस्तान की हालिया सैन्य कार्रवाई का जवाब बताया है। उसके अनुसार, हाल के दिनों में पाकिस्तान ने अफगान सीमा के पास जमीनी अभियान और सीमा पार हवाई हमले किए थे, जिनमें कम से कम 35 अफगान नागरिकों की मौत हुई थी।
इस बीच पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव पर रूस ने भी चिंता जताई है। रूसी विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों से तत्काल संघर्ष रोकने और विवाद का समाधान कूटनीतिक माध्यमों से करने की अपील की है। मंत्रालय ने कहा कि दोनों देशों के बीच जारी सैन्य टकराव का सबसे अधिक असर आम नागरिकों पर पड़ रहा है।
