बिलासपुर: सिंधी समाज की एक बालिग युवती के मुस्लिम समाज के युवक के साथ भाग जाने के बाद हड़कंप मच गया है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुम इंसान की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की थी। मंगलवार रात युवती के मिलने की अफवाह फैलते ही सिंधी समाज के लोग बड़ी संख्या में सिविल लाइन थाना पहुंच गए और देर रात तक थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग करते रहे। पुलिस ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, जिसके बाद भीड़ कार्रवाई की मांग लेकर एसएसपी रजनेश सिंह के आवास पहुंची।
इस बीच, युवती ने अपने प्रेमी के साथ भागने से पहले परिजनों के लिए एक पत्र भी छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से जाने की बात लिखी है।
साथ ही सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से मुस्लिम युवक से कोर्ट में शादी करने की बात कही है। युवती ने बताया है कि उसने युवक से 7 साल के रिलेशन के बाद यह फैसला लिया है और वह सुरक्षित व खुश है। उसने परिजनों से परेशान न होने की अपील भी की है। सिविल लाइन पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
