मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर सोमवार देर रात तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। राया क्षेत्र में माइलस्टोन 111 के पास एक प्राइवेट बस गिट्टी से भरे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। इस भीषण हादसे में मौके पर ही चार लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए।
सीओ महावन संजीव कुमार के अनुसार, दुर्घटना सोमवार देर रात करीब साढ़े तीन बजे हुई। बिहार नंबर की प्राइवेट बस लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली की ओर जा रही थी। इसी दौरान राजस्थान नंबर का गिट्टी से भरा ट्रेलर एक्सप्रेसवे की तीसरी लेन पर चल रहा था। तेज रफ्तार बस ट्रेलर में पीछे से जा टकराई, जिससे बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और एक्सप्रेसवे कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
इस दुर्घटना में चार लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घायल यात्रियों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक को नींद का झोंका आना माना जा रहा है।
