Malviya Nagar Fire Tragedy: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मालवीय नगर इलाके से बुधवार की सुबह एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक रेस्टोरेंट कम होटल में अचानक लगी विकराल आग ने 21 लोगों की जिंदगी लील ली। इस भीषण हादसे में घायल हुए 16 अन्य लोग फिलहाल दिल्ली के तीन अलग-अलग अस्पतालों में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और बिल्डिंग में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
इस दर्दनाक घटना के जो वीडियो और विजुअल सामने आए हैं, वे रोंगटे खड़े कर देने वाले हैं। आग की लपटों से घिरी इस बिल्डिंग से लोग अपनी जान बचाने के लिए ऊपर से नीचे छलांग लगाते हुए नजर आए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 8 बजकर 40 मिनट पर इस रेस्टोरेंट कम होटल से आग की तेज लपटें उठतीं दिखाई दी थीं। हालात को भांपते हुए स्थानीय लोगों ने नीचे गद्दे भी बिछाए, जिस पर कूदकर कई लोगों ने अपनी जान बचाई। चश्मदीदों ने यह भी बताया कि तीसरी मंजिल से तीन नाइजीरियाई नागरिकों ने भी नीचे कूदकर खुद को बचाया।
हादसे के वक्त बिल्डिंग का मुख्य चैनल गेट बंद होने के कारण लोग समय पर बाहर नहीं निकल सके, जिससे स्थिति और ज्यादा भयावह हो गई। बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने शटर को काटकर भीतर फंसे लोगों का रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान बिल्डिंग के बेसमेंट से भी कुछ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर तुरंत एम्बुलेंस बुला ली गई थीं, जिनके जरिए रेस्क्यू किए गए और झुलसे हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस हादसे में 20 लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें धूं-धूं कर जल रही बिल्डिंग की छत पर एक विदेशी नागरिक खड़ा दिखाई दे रहा है। चारों तरफ से उठते धुएं के भारी गुबार के बीच अपनी जान बचाने की जद्दोजहद में छत पर पहुंचा यह विदेशी नागरिक घबराहट में अपनी पीठ पर टंगे बैग को सही करता नजर आ रहा है।
इस भीषण हादसे की जानकारी मिलते ही मालवीय नगर के स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय और विपक्षी आम आदमी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए विधायक सतीश उपाध्याय ने बताया कि यह घटना सुबह 8 बजकर 51 मिनट की है, जिसके तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों, फायर ब्रिगेड और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम ने मिलकर बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। उन्होंने जानकारी दी कि इस रेस्टोरेंट के पास बीएनबी (BnB) का लाइसेंस था, जिसकी वजह से यहाँ पास के मैक्स हॉस्पिटल के लोग और कुछ विदेशी नागरिक भी आकर ठहरते थे।
इस लापरवाही और भीषण हादसे के बाद दिल्ली सरकार और स्थानीय प्रशासन सीधे तौर पर सवालों के घेरे में आ गए हैं। जब विधायक सतीश उपाध्याय से सुरक्षा और जांच को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि इस मामले में जिसकी भी खामी या लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए, लेकिन फिलहाल हमारी सबसे पहली प्राथमिकता अस्पताल में भर्ती घायल लोगों की जान बचाना है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की आगे की जांच में जुट गए हैं।
