कोलकाता: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली पश्चिम बंगाल की पहली भाजपा सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार सोमवार को राजभवन में संपन्न हुआ। भव्य शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आर.एन. रवि ने 35 नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के बाद राज्य मंत्रिमंडल की कुल संख्या बढ़कर 41 हो गई है।
शपथ ग्रहण समारोह के दौरान वंदे मातरम और राष्ट्रगान की गूंज के बीच नए मंत्रियों ने जिम्मेदारी संभाली। भाजपा ने इस विस्तार में क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देने की कोशिश की है, जिसे पार्टी की दीर्घकालिक राजनीतिक रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।
पूर्ण कैबिनेट मंत्री के रूप में तापस राय, मनोज कुमार उरांव, अर्जुन सिंह, गौरी शंकर घोष, दीपक बर्मन, शारद्वत मुखर्जी, स्वपन दासगुप्ता, कल्याण चक्रवर्ती, जगन्नाथ चट्टोपाध्याय, अजय पोद्दार, डॉ. शंकर घोष, दूध कुमार मंडल और अनूप कुमार दास ने शपथ ली।
वहीं डॉ. इंद्रनील खां, मालती राभा राय और राजेश महतो को स्वतंत्र प्रभार के साथ राज्य मंत्री बनाया गया है। इसके अलावा जुएल मुर्मू, हरे कृष्ण बेरा, आनंदमय बर्मन, अशोक डिंडा, नादिया चंद बाउड़ी, विशाल लामा, शांतनु प्रमाणिक, मौमिता विश्वास मिश्रा, उमेश राय, पूर्णिमा चक्रवर्ती, कौशिक चौधरी, भास्कर भट्टाचार्य, दिवाकर घरामी, अमिय किस्कू, कलिता माजी, गार्गी दास घोष, बिराज विश्वास, दीपांकर जाना और सुमना सरकार समेत अन्य नेताओं ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
मंत्रिमंडल विस्तार को भाजपा के सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी ने उन वर्गों और क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया है, जिन्होंने राज्य में भाजपा की सत्ता स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
शपथ ग्रहण समारोह में अधिकांश मंत्री पारंपरिक बंगाली परिधान ‘धोती-पंजाबी’ में नजर आए। इसे बंगाल की सांस्कृतिक पहचान और स्थानीय परंपराओं के प्रति भाजपा के जुड़ाव के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
इससे पहले 9 मई को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ अग्निमित्रा पाल, दिलीप घोष, निशिथ प्रमाणिक, अशोक कीर्तनिया और खुदीराम टुडु ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की थी।
कैबिनेट विस्तार के बाद सभी मंत्री राज्य सचिवालय ‘नवान्न’ के लिए रवाना हुए, जहां मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की अध्यक्षता में मंत्रिपरिषद की पहली बैठक होने की संभावना है। इसी बैठक में विभागों का आवंटन किए जाने की उम्मीद है। सूत्रों के अनुसार उत्तर बंगाल, जंगलमहल और दक्षिण बंगाल के क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए मंत्रालयों का बंटवारा किया जा सकता है।
समारोह में केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार, शांतनु ठाकुर, राज्य भाजपा अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
