Falta Assembly Repoll Begins in Bengal: पश्चिम बंगाल की चर्चित फलता विधानसभा सीट पर गुरुवार को दोबारा मतदान जारी है। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और लोग उत्साह के साथ अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के बाहुबली नेता जहांगीर खान के सुबह से नदारद रहने की खबरों ने चुनावी माहौल को और गर्म कर दिया है। हालांकि इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
फलता सीट पर मतदान से ठीक दो दिन पहले जहांगीर खान ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसके बाद अब यहां मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी और वाम दलों के बीच माना जा रहा है। इस सीट पर कुल 2 लाख 36 हजार से अधिक मतदाता अपने वोट का इस्तेमाल कर सकेंगे। चुनाव आयोग की ओर से सुरक्षा और सुविधा के मद्देनजर पूरे इलाके में 285 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या करीब 1.15 लाख बताई जा रही है।
स्थानीय रिपोर्ट्स के मुताबिक फलता के श्रीरामपुर पश्चिम दुर्गापुर स्कूल समेत कई मतदान केंद्रों पर सुबह से ही भारी भीड़ देखने को मिली। खास बात यह है कि जहांगीर खान पूर्व चुनावों में इसी इलाके में मतदान करते रहे हैं, लेकिन इस बार वह सुबह से दिखाई नहीं दिए। खबरों के अनुसार उनके घर पर भी ताला लगा हुआ मिला, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
जहांगीर खान के चुनाव मैदान से हटने के बाद फलता सीट पर मुकाबला अब बीजेपी और सीपीएम के बीच सिमटता नजर आ रहा है। बीजेपी ने यहां से देबांशू पंडा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि सीपीएम की ओर से शंभूनाथ कुड़मी मैदान में हैं। कांग्रेस ने अब्दुल रज्जाक को प्रत्याशी बनाया है।
मतदान के दौरान कई स्थानीय लोगों ने दावा किया कि पिछले कई वर्षों से वे भय और दबाव के माहौल के कारण खुलकर मतदान नहीं कर पा रहे थे। कुछ मतदाताओं का कहना है कि बीते 15 सालों में पहली बार उन्हें बिना डर के वोट डालने का मौका मिला है। इससे पहले 29 मई को हुए मतदान के दौरान कई लोगों ने वोट नहीं डाल पाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन भी किया था।
बीजेपी उम्मीदवार देबांशू पंडा ने मतदान को लेकर उत्साह जताते हुए कहा कि इलाके में पूरी तरह शांतिपूर्ण और उत्सव जैसा माहौल है। उन्होंने दावा किया कि जनता खुलकर वोट डाल रही है और बीजेपी को भारी समर्थन मिल रहा है। पंडा ने कहा कि उनकी पार्टी डेढ़ लाख से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज करेगी।
फिलहाल मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और सुरक्षा बल पूरे इलाके में तैनात हैं। चुनाव आयोग भी हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
