NEET 2026 Paper Leak: राजस्थान SOG का बड़ा खुलासा, 150 अभ्यर्थियों तक पहुंचा था पेपर; जानें कहां से जुड़े तार

NEET 2026 Paper Leak Case: NEET 2026 पेपर लीक मामले में परीक्षा रद्द होने के बाद जांच और कार्रवाई की रफ्तार तेज हो गई है। राजस्थान एसओजी के आईजी अजय पाल लांबा के अनुसार इस प्रकरण में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं, जिनमें 150 से अधिक अभ्यर्थियों तक प्रश्नपत्र पहुंचने की पुष्टि हुई है।

नीट 2026 परीक्षा रद्द के बाद जांच तेज, राजस्थान SOG ने खोले चौंकाने वाले राज
नीट 2026 परीक्षा रद्द के बाद जांच तेज, राजस्थान SOG ने खोले चौंकाने वाले राज

NEET 2026 Paper Leak Case: नीट 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब इस पूरे मामले में जांच और कार्रवाई की रफ्तार तेज हो गई है। राजस्थान एसओजी (SOG) के आईजी अजय पाल लांबा ने इस बड़े पेपर लीक कांड को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। जांच में अब तक 150 से अधिक ऐसे अभ्यर्थियों के नाम सामने आए हैं, जिन तक परीक्षा से पहले ही पेपर पहुंच गया था। शुरुआती पूछताछ और तफ्तीश में यह बात निकलकर आई है कि इस पूरे खेल के तार कई राज्यों से जुड़े हुए हैं। बताया जा रहा है कि हरियाणा के एक व्यक्ति ने सबसे पहले महाराष्ट्र से यह पेपर हासिल किया था और फिर इसे मोटी रकम के बदले आगे सर्कुलेट किया गया।

आईजी अजय पाल लांबा ने स्पष्ट किया है कि राजस्थान पुलिस की विभिन्न टीमें, जिनमें अलवर, जयपुर, झुंझुनूं और सीकर पुलिस शामिल हैं, एसओजी के साथ मिलकर लगातार छापेमारी कर रही हैं। अब इस पूरे मामले की कमान सीबीआई (CBI) ने संभाल ली है और दिल्ली से आई विशेष टीम ने जांच को टेकओवर कर लिया है। एसओजी ने अब तक इस मामले में संलिप्त करीब दो दर्जन से ज्यादा संदिग्धों को आगे की पूछताछ के लिए सीबीआई के हवाले कर दिया है। जांच एजेंसियों को मिले सुराग बताते हैं कि जो पेपर लीक हुआ था, उसमें केमिस्ट्री के 45 और बायोलॉजी के 90 प्रश्न उत्तरों सहित पहले से ही हल किए हुए थे।

पेपर लीक होने की कड़ियों को जोड़ते हुए आईजी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह पेपर सबसे पहले सीकर में बाहर आया था। इसके बाद केरल में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एक छात्र के जरिए इसे व्यापक स्तर पर फैलाया गया। इसके बाद हरियाणा और गुरुग्राम के कुछ दलालों ने इसे गिरोह बनाकर आगे बेचा। एसओजी के मुताबिक, इस साजिश में न केवल पेशेवर अपराधी बल्कि कुछ अभ्यर्थी और उनके परिजन भी सीधे तौर पर शामिल पाए गए हैं, जिन्होंने पेपर हासिल करने के लिए सांठगांठ की थी।

हालांकि, राजस्थान से पेपर आउट होने की खबरों पर विराम लगाते हुए आईजी ने साफ किया कि इस लीक का सीधा संबंध राजस्थान की सीमा के भीतर से नहीं है। आरोपियों ने इस पेपर को ‘ओरिजिनल’ बताकर छात्रों को बेचा था, लेकिन राजस्थान पहुंचने से पहले ही यह पेपर अन्य राज्यों से लीक हो चुका था। फिलहाल सीबीआई और एसओजी की संयुक्त टीमें कई और संदिग्धों से पूछताछ कर रही हैं और आने वाले दिनों में कुछ और बड़ी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है। इस खुलासे के बाद देश भर के उन लाखों छात्रों में भारी आक्रोश है, जिन्होंने मेहनत के दम पर परीक्षा दी थी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale