Prateek Yadav Passes Away: समाजवादी पार्टी के कुनबे से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 वर्ष की आयु में लखनऊ में निधन हो गया है। प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति थे। बुधवार सुबह स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही यादव परिवार और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रतीक यादव पिछले कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे। कुछ समय पहले उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भी भर्ती कराया गया था, जहां अखिलेश यादव और अपर्णा यादव उनसे मिलने पहुंचे थे। हालांकि हालत स्थिर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया था, लेकिन वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे। चर्चा है कि वे फिटनेस को लेकर काफी सजग थे और जिम करने के साथ-साथ कई तरह की दवाइयों का सेवन भी कर रहे थे, हालांकि उनकी मौत के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए लखनऊ के केजीएमयू में डॉक्टरों का एक पैनल उनके शव का पोस्टमार्टम कर रहा है, जिसकी पूरी वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है।
राजनीति के सबसे बड़े घरानों में से एक से ताल्लुक रखने के बावजूद प्रतीक यादव ने खुद को हमेशा सक्रिय राजनीति से दूर रखा। उन्होंने लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए किया था और अपना पूरा ध्यान रियल एस्टेट और फिटनेस बिजनेस पर केंद्रित किया। लखनऊ में उनका अपना जिम का बड़ा कारोबार था और वे खुद भी एक फिटनेस फ्रीक के तौर पर जाने जाते थे। साल 2017 में उन्होंने एक साक्षात्कार के दौरान स्पष्ट किया था कि उनकी राजनीति में आने की कोई इच्छा नहीं है और वे अपने बिजनेस को ही आगे बढ़ाना चाहते हैं।
प्रतीक के निजी जीवन की बात करें तो पिछले कुछ समय से उनके और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के बीच अनबन और पारिवारिक कलह की खबरें भी चर्चा में रही थीं। बावजूद इसके, वे अपने परिवार के साथ ही रह रहे थे। उनके निधन की सूचना के बाद अस्पताल और पोस्टमार्टम हाउस के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और परिवार के तमाम सदस्य वहां पहुंचना शुरू हो गए हैं। अचानक हुई इस मौत ने न केवल परिवार को बल्कि उन तमाम लोगों को स्तब्ध कर दिया है जो उन्हें एक सेहतमंद और फिट व्यवसायी के रूप में देखते थे।
