Pune Bhor Tragedy: महाराष्ट्र के पुणे जिले की भोर तहसील से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहां गर्मी की छुट्टियां बिताने अपनी नानी के घर आई एक चार साल की मासूम बच्ची के साथ न केवल दुष्कर्म किया गया, बल्कि उसकी पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मासूम के शव को पशुओं के तबेले में गोबर के ढेर के नीचे दबा दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भारी तनाव व्याप्त है और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है।
घटना के विवरण के अनुसार, शनिवार को बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी, तभी 65 वर्षीय आरोपी भीमराव कांबले उसे बहला-फुसलाकर अपने घर के सामने स्थित एक तबेले में ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ दरिंदगी की और फिर पकड़े जाने के डर से पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। जब काफी देर तक बच्ची घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद जब तबेले में गोबर के ढेर के नीचे से बच्ची का शव मिला, तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें आरोपी बच्ची को ले जाता हुआ साफ दिखाई दिया, जिसके आधार पर उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
इस खौफनाक वारदात के बाद ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। सैकड़ों की संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए और मुंबई-बेंगलुरु हाईवे पर चक्का जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों की मांग थी कि आरोपी को उनके हवाले किया जाए ताकि वे उसे सजा दे सकें। भीड़ इतनी उग्र थी कि लोग शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी रोकने लगे और तबेले के बाहर ही डेरा डाल दिया।
बिगड़ते हालातों को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल खुद घटनास्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने आक्रोशित भीड़ को आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले को फास्ट ट्रैक पर ले जाएगी और 15 दिनों के भीतर अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी ताकि आरोपी को जल्द से जल्द सख्त सजा दिलाई जा सके। पुलिस के इस भरोसे के बाद ही स्थिति थोड़ी नियंत्रण में आई, हालांकि इलाके में अब भी भारी सुरक्षा बल तैनात है और तनाव बना हुआ है।
