Idukki Double Murder: केरल में रोंगटे खड़े करने वाली वारदात; संपत्ति के लिए मां और भाई को मारकर आंगन में दफनाया

Idukki murder news: केरल के इडुक्की जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी ही मां और सगे भाई की बेरहमी से हत्या कर उनके शवों को घर के आंगन में दपा दिया। नेदुमकंडम पुलिस ने आरोपी साजी को हिरासत में ले लिया है, जिसने पूछताछ के दौरान अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

इदुक्की दोहरा हत्याकांड केरल
इदुक्की दोहरा हत्याकांड केरल

Idukki double murder: केरल के इडुक्की जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक अधेड़ व्यक्ति ने अपनी मां और भाई की हत्या कर उनके शवों को घर के आंगन में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी साजी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ में उसने दोनों हत्याओं की बात कबूल कर ली है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरी वारदात के पीछे लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक संपत्ति विवाद और आपसी तनाव मुख्य कारण था।

पुलिस के अनुसार यह घटना नेदुमकंडम थाना क्षेत्र की है और हत्या अप्रैल महीने में की गई थी, हालांकि सही तारीख की पुष्टि अभी की जा रही है। बताया गया कि साजी का अपने भाई रेजी से शराब पीने के बाद झगड़ा हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि साजी ने रेजी पर हमला कर दिया और उसके चेहरे व हाथों पर बार-बार वार किए। जब रेजी बेहोश हो गया तो साजी ने एक तौलिये से उसका गला घोंट दिया।

इस दौरान मां मैरीकुट्टी ने यह पूरी घटना देख ली, जिसके बाद आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया और उनकी भी हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि दोनों हत्याओं के बाद आरोपी ने शवों को लगभग दो दिनों तक घर के एक शेड में छिपाकर रखा और फिर तीसरी रात घर के आंगन में गड्ढा खोदकर दफना दिया।

जांच में यह भी सामने आया है कि परिवार में लगभग एक एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों भाई उस संपत्ति पर अपना-अपना दावा कर रहे थे। इसके अलावा आरोपी की शादी को लेकर भी घर में तनाव बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार रेजी और साजी के बीच व्यक्तिगत तकरार और तानेबाजी ने इस विवाद को और बढ़ा दिया था।

घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के लोगों को मां मैरीकुट्टी और भाई रेजी लंबे समय से नजर नहीं आए। एक ऑटो-रिक्शा चालक, जो नियमित रूप से उन्हें अस्पताल ले जाता था, ने भी कई दिनों से उन्हें न देखने की बात बताई। इसी जानकारी के आधार पर साजी की बहन ने उससे पूछताछ शुरू की, लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा और गुमराह करने की कोशिश करता रहा।

मामला तब गंभीर हुआ जब पुलिस ने घर की तलाशी ली और आंगन के पास से मानव अवशेष बरामद किए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, जिससे शक और गहरा गया। बाद में विस्तृत जांच में दोनों शव बरामद कर लिए गए।

इस बीच पुलिस अब एक पुराने मामले की भी जांच कर रही है। बताया गया है कि साल 2018 में साजी के पिता मैथ्यू लापता हो गए थे और अब आशंका जताई जा रही है कि इस पुराने मामले का भी मौजूदा घटनाओं से कोई संबंध हो सकता है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale