Patna City Murder Case: पटना सिटी के बाईपास थाना क्षेत्र के बेगमपुर में हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। पिछले तीन दिनों से चल रहे सघन तलाशी अभियान और छापेमारी के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी कहीं दूर नहीं भागा था, बल्कि घटनास्थल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर स्थित एक घर में ही छिपकर बैठा था।
इस घटना की शुरुआत पिछले बुधवार को हुई थी, जब बच्ची सुबह घर से दूध लेने निकली थी लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की तलाश के बीच गुरुवार की सुबह उसका शव एक कंबल में लिपटा हुआ बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश पैदा हो गया था। पुलिस ने मामले की तह तक जाने के लिए एफएसएल (FSL) और डॉग स्क्वाड की मदद ली, जिसके बाद मिले सुरागों ने पुलिस को आरोपी तक पहुँचाया।
पटना पुलिस की विशेष टीमों ने पिछले 72 घंटों से पूरे मोहल्ले को छावनी में तब्दील कर रखा था। आखिरकार सटीक इनपुट के आधार पर आरोपी को दबोच लिया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही कई महत्वपूर्ण साक्ष्य हाथ लगे हैं, जो इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने में मददगार साबित होंगे।
इस पूरे हत्याकांड के पीछे की वजह और घटनाक्रम का औपचारिक खुलासा आज यानी रविवार को पटना के वरीय आरक्षी अधीक्षक (SSP) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से करेंगे। हालांकि आरोपी की गिरफ्तारी से स्थानीय लोगों ने थोड़ी राहत महसूस की है, लेकिन बच्ची की निर्मम हत्या को लेकर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। पुलिस फिलहाल यह भी जाँच कर रही है कि क्या इस अपराध में मुख्य आरोपी के साथ कोई और भी शामिल था।
