रायपुर: राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में, लाभांडी स्थित एश्वर्या एम्पायर सोसाइटी के निवासी और पेशे से सिविल इंजीनियर सत्येंद्र श्रीवास्तव साइबर ठगों के जाल में फंसकर 32 लाख रुपये गंवा बैठे।
ठगों ने शुरुआत में सत्येंद्र को कुछ रकम निवेश कराकर 20 हजार रुपये का मुनाफा उनके खाते में भेजकर विश्वास जीता। इसके बाद, ब्रिज गोल्ड कंपनी में मोटा मुनाफा दिलाने का लालच देकर धीरे-धीरे उनके खाते से 32 लाख रुपये उड़ा लिए।
जब सत्येंद्र ने अपने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने उन्हें 12 लाख रुपये कमीशन भेजने का झांसा दिया। इसी दौरान सत्येंद्र को एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गए हैं।
पीड़ित इंजीनियर सत्येंद्र श्रीवास्तव ने तेलीबांधा थाने में अज्ञात ठगों के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
