Delhi Budget 2026: दिल्ली सरकार ने अपने चुनावी वादे को पूरा करते हुए मंगलवार को पेश किए गए बजट में ‘महिला समृद्धि योजना’ की घोषणा कर दी है। इस योजना के तहत दिल्ली की पात्र महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में दी जाएगी। सरकार ने इस महत्वाकांक्षी योजना के लिए बजट में 5100 करोड़ रुपये का फंड आवंटित किया है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट के बाद कहा कि सरकार की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और अगले कुछ महीनों में इस योजना को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया जाएगा।
दिल्ली की वर्तमान आबादी लगभग 2.26 करोड़ के करीब है, जिसमें महिलाओं की संख्या करीब 1 करोड़ है। अनुमान लगाया जा रहा है कि दिल्ली की लगभग 40 से 45 लाख महिलाएं इस योजना के दायरे में आ सकती हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि विशेषज्ञ कमेटी की सिफारिशों के आधार पर जल्द ही एक ऑनलाइन पोर्टल लॉन्च किया जाएगा, जिसके जरिए पात्र महिलाएं आवेदन कर सकेंगी। यह योजना मध्य प्रदेश की ‘लाडली बहना’ और महाराष्ट्र की ‘लाडकी बहिन’ जैसी योजनाओं की तर्ज पर महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए शुरू की जा रही है।
योजना का लाभ लेने के लिए कुछ शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। माना जा रहा है कि लाभार्थी महिला दिल्ली की निवासी होनी चाहिए और कम से कम 5 साल से यहाँ रह रही हो। इसके साथ ही महिला का परिवार गरीबी रेखा (BPL) या आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) श्रेणी में आता हो और परिवार की सालाना आय 2.5 से 3 लाख रुपये से अधिक न हो। शर्त यह भी है कि परिवार का कोई सदस्य इनकम टैक्स न देता हो और महिला खुद सरकारी नौकरी में या रिटायर कर्मचारी न हो। इसके अलावा, महिला किसी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता योजना का लाभ न ले रही हो।
अभी इस बात पर स्पष्टता आना बाकी है कि यदि एक ही परिवार में मां, बहू और बेटी तीनों पात्र हैं, तो उनमें से किसे प्राथमिकता दी जाएगी। जानकारों का मानना है कि शुरुआती दौर में एक परिवार से एक ही महिला को इसका लाभ मिल सकता है, लेकिन इसकी पूरी तस्वीर आने वाले कुछ दिनों में साफ होगी। फिलहाल, बजट में फंड के आवंटन के बाद दिल्ली की महिलाओं में इस योजना को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है और सरकार इसे जल्द से जल्द जमीन पर उतारने की कोशिश में जुटी है।
