Holika Dahan 2026: सनातन परंपरा में फाल्गुन मास की पूर्णिमा का विशेष महत्व है। रंगों के उत्सव होली से ठीक पहले होलिका दहन की परंपरा चली आ रही है। हिंदू मान्यताओं के अनुसार, होलिका दहन की रात की गई पूजा और कुछ विशेष उपाय जीवन से जुड़े दुख, दुर्भाग्य और नकारात्मकता को दूर करने में सहायक होते हैं। इस साल 3 मार्च को लगने वाले चंद्र ग्रहण और सूतक काल के साये के बीच, विद्वानों ने होलिका दहन के समय किए जाने वाले कुछ प्रभावी उपायों के बारे में जानकारी दी है, जो आर्थिक, मानसिक और करियर से जुड़ी बाधाओं को दूर कर सकते हैं।
1. शत्रुओं पर विजय और भय से मुक्ति
यदि आप अज्ञात शत्रुओं या विरोधियों के भय से परेशान हैं, तो होलिका दहन की रात एक विशेष उपाय लाभकारी सिद्ध हो सकता है। इसके लिए एक कागज में पीली सरसों और सेंधा नमक लपेटकर एक छोटी पोटली बना लें। इस पोटली को अपने सिर के ऊपर से घड़ी की उल्टी दिशा (एंटी-क्लॉकवाइज) में सात बार घुमाएं। इसके बाद इसे जलती हुई होलिका में डाल दें और शत्रुओं पर विजय की कामना करें। माना जाता है कि यह उपाय जीवन के सभी प्रकार के डरों को समाप्त करता है।
2. आर्थिक तंगी और पैसों की किल्लत दूर करने के लिए
अगर मेहनत के बाद भी पैसा पास में नहीं टिक रहा है, तो इस साल नारियल का उपाय करना शुभ रहेगा। धन की समस्या के समाधान के लिए एक सूखे नारियल में चीनी का बूरा भरें। इसे जलती हुई होलिका में अर्पित कर सात बार परिक्रमा करें। अगले दिन होलिका की ठंडी राख को एक लाल कपड़े में बांधकर अपनी तिजोरी या धन रखने के स्थान पर रखें। मान्यता है कि इससे बरकत बनी रहती है।
3. करियर और कारोबार में सफलता के उपाय
यदि आपके बनते हुए काम बिगड़ रहे हैं या करियर में मनचाही प्रगति नहीं मिल रही है, तो होलिका दहन की पवित्र राख का प्रयोग करें। दहन के बाद इसकी राख को अपने घर के मंदिर या किसी पवित्र स्थान पर सुरक्षित रख लें। जब भी किसी विशेष कार्य, इंटरव्यू या व्यापारिक सौदे के लिए घर से निकलें, तो इस राख का तिलक लगाकर निकलें। यह उपाय नकारात्मकता को दूर कर सफलता के मार्ग प्रशस्त करता है।
4. नवग्रहों के दोष से मुक्ति
कुंडली में ग्रहों के अशुभ प्रभाव को कम करने और नवग्रहों का आशीर्वाद पाने के लिए भी यह समय अत्यंत उपयुक्त है। होलिका दहन की रात नवग्रहों का ध्यान करते हुए उनसे संबंधित लकड़ियां जलती हुई अग्नि में अर्पित करें। धार्मिक मान्यता है कि इस सरल उपाय से ग्रहों का तालमेल बेहतर होता है और ग्रह दोषों से मुक्ति मिलती है।
होलिका दहन की यह अग्नि न केवल लकड़ियों को जलाती है, बल्कि भक्त के जीवन की बाधाओं को भी भस्म करने की शक्ति रखती है। इन उपायों को श्रद्धापूर्वक करने से जीवन में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि का आगमन होता है।
