काबुल/इस्लामाबाद: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच सीमा विवाद अब एक बड़े सैन्य संघर्ष में तब्दील हो गया है। दोनों देशों की ओर से भारी नुकसान के दावे किए जा रहे हैं। अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने एक सनसनीखेज बयान जारी कर बताया है कि उसकी वायुसेना ने पाकिस्तान के कई रणनीतिक सैन्य ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए हैं। इस सैन्य कार्रवाई ने असीम मुनीर के नेतृत्व वाली पाकिस्तानी सेना और वायुसेना को बड़ा झटका दिया है।
अफगानिस्तान की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, उनके विमानों ने रावलपिंडी स्थित नूर खान एयरबेस, क्वेटा में 12 कोर मुख्यालय और खैबर पख्तूनख्वा के मोहम्मद एजेंसी इलाके सहित कई अन्य सैन्य ठिकानों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है। गौरतलब है कि रावलपिंडी का नूर खान एयरबेस वही संवेदनशील स्थान है, जहां पूर्व में भारत द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान ब्रह्मोस मिसाइल से हमला किया गया था। अफगान रक्षा मंत्रालय का दावा है कि इन हमलों में पाकिस्तानी सैन्य ढांचे को भारी क्षति पहुंची है, हालांकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक इन हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
targeting the Nur Khan Airbase in Rawalpindi, the 12th Division headquarters in Quetta (Balochistan), the Khwazai Camp in the Mohmand Agency of Khyber Pakhtunkhwa, as well as several other significant Pakistani military facilities and command centers… pic.twitter.com/z4pqDjh9qN
— د ملي دفاع وزارت – وزارت دفاع ملی (@MoDAfghanistan2) March 1, 2026
अफगानिस्तान ने इस सैन्य कार्रवाई को पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई उल्लंघन का करारा जवाब बताया है। अफगान अधिकारियों के अनुसार, बीती रात और आज सुबह पाकिस्तानी विमानों ने काबुल और बगराम जैसे इलाकों के ऊपर अवैध रूप से उड़ान भरी थी। अफगानिस्तान ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि पाकिस्तान ने उसके एयरस्पेस का उल्लंघन करना बंद नहीं किया, तो भविष्य में और भी कड़ा सैन्य जवाब दिया जाएगा।
दूसरी तरफ, पाकिस्तान ने भी अफगानिस्तान को भारी नुकसान पहुँचाने का दावा किया है। पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी कि उनके सैन्य ऑपरेशनों में अब तक तालिबान के 415 लड़ाके मारे गए हैं और 580 से अधिक घायल हुए हैं। पाकिस्तानी दावों के मुताबिक, उनकी सेना ने कम से कम 182 अफगान चौकियों को नष्ट कर दिया है और 31 पर कब्जा कर लिया है। इसके अलावा, पाकिस्तान ने 185 टैंक, बख्तरबंद वाहनों और तोपों को तबाह करने के साथ-साथ अफगानिस्तान के भीतर 46 स्थानों पर प्रभावी हवाई हमले करने का भी दावा किया है। फिलहाल दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है और युद्ध जैसे हालात बने हुए हैं।
