दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट-2026’ के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदर्शन के तरीके को ‘अशोभनीय’ बताया है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में इस तरह के आचरण को देश की छवि के लिए चिंताजनक करार दिया है।
मायावती ने साधा कांग्रेस पर निशाना
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस समिट में, जहां देश-विदेश के प्रमुख लोग मौजूद थे, वहां अर्धनग्न होकर रोष प्रकट करना अति-अशोभनीय और निंदनीय है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो बात अलग थी, लेकिन ऐसे वैश्विक मंच पर देश की गरिमा और इमेज को नहीं बिगाड़ा जाना चाहिए।
नई दिल्ली में आयोजित ’एआई इम्पैक्ट समिट’, जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह…
— Mayawati (@Mayawati) February 21, 2026
क्या है पूरा मामला?
बीते शुक्रवार, 20 फरवरी को समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के करीब 8-10 कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम परिसर में घुसकर अचानक विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया था। ये कार्यकर्ता भारत और अमेरिका के बीच हाल ही में हुई ट्रेड डील का विरोध कर रहे थे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने अपनी टी-शर्ट उतार दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया, लेकिन इस घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया था।
सियासी घमासान तेज
इस घटना के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि जहां पूरी दुनिया भारत में हो रहे इस एआई समिट की तारीफ कर रही है, वहीं कांग्रेस इसे बाधित कर ‘राष्ट्र विरोधी’ होने का प्रमाण दे रही है। इस विवाद के विरोध में बीजेपी आज देशभर में प्रदर्शन भी कर रही है। दूसरी ओर, मायावती के इस बयान ने कांग्रेस को बचाव की मुद्रा में ला खड़ा किया है, क्योंकि उन्होंने इसे सीधे तौर पर देश के सम्मान से जोड़ दिया है।
