जशपुर/लैलूंगा: छत्तीसगढ़ के लैलूंगा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक नाबालिग बालिका को प्रेम जाल में फंसाकर मिलने के बहाने बुलाया गया और फिर उसके साथ-साथ उसकी सहेली के साथ भी दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी का झांसा देकर बुलाया लैलूंगा
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, मामला दिसंबर 2025 में शुरू हुआ था जब 17 वर्षीय पीड़िता का मोबाइल के माध्यम से ओमप्रकाश उर्फ प्रकाश उर्फ राहुल पैंकरा से परिचय हुआ। आरोपी ने नाबालिग को प्रेम जाल में फंसाकर शादी का प्रलोभन दिया। 14 फरवरी को आरोपी ने उसे मिलने के लिए लैलूंगा बुलाया। पीड़िता अपनी 16 वर्षीय सहेली के साथ पत्थलगांव होते हुए बस से लैलूंगा पहुंची। अटल चौक पर मुख्य आरोपी राहुल अपने दोस्त जयकिशन धोबा के साथ मोटरसाइकिल (CG 13 MU 3456) लेकर उन्हें लेने पहुँचा।
जंगल ले जाकर किया दुष्कर्म, दी जान से मारने की धमकी
आरोपी दोनों बालिकाओं को ग्राम सोनाजोरी ले गए। रात के समय आरोपी प्रकाश और उसका साथी दोनों लड़कियों को बाइक से सोनाजोरी के जंगल ले गए। वहां मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा ने पहले अपनी कथित प्रेमिका के साथ और फिर उसकी सहेली के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने घटना की जानकारी किसी को देने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
दोनों पीड़िताओं ने लैलूंगा थाने में अलग-अलग लिखित आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 70 और पाक्सो एक्ट की धारा 4 व 6 के तहत दो अलग-अलग अपराध (क्रमांक 50/2026 और 51/2026) पंजीबद्ध किए।
पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपी ओमप्रकाश पैंकरा (22 वर्ष) ने दोनों युवतियों के साथ दुष्कर्म की बात स्वीकार कर ली है। वहीं, जयकिशन धोबा (20 वर्ष) को इस अपराध में सहयोग करने का दोषी पाया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
