रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने अपने ही 6 वर्षीय बेटे की कुएं में डुबोकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
एडिशनल एसपी अनिल सोनी के अनुसार, आरोपी की पहचान विनोद महेश्वरी (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वार्ड क्रमांक 15, ग्राम जामढोंढ़ी भदरापारा का निवासी है। आरोपी के भाई मनोज महेश्वरी (28 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि परिवार में तीन भाई हैं—विजय, विनोद और मनोज। विजय अपने परिवार के साथ निर्माणाधीन मकान में रहता है, जबकि विनोद अपने दो बेटों, जिनकी उम्र 8 और 6 वर्ष है, के साथ पास के घर में रह रहा था। उसकी पत्नी घरेलू विवाद के चलते अलग रह रही थी, जिससे वह मानसिक तनाव में बताया जा रहा है।
घटना रविवार, 8 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की है। उस समय विनोद अपने छोटे बेटे के साथ घर के सामने देखा गया था। अगले दिन सुबह मनोज जब घर के पीछे स्थित कुएं के पास टुल्लू पंप चालू करने गया, तो उसे कुएं के भीतर से विनोद की आवाज सुनाई दी। विनोद ने अंदर से कहा, “मोटर बंद कर दो, वह भीतर है।” शंका होने पर आसपास के लोगों को बुलाया गया। पूछताछ के दौरान विनोद ने स्वीकार किया कि उसने अपने छोटे बेटे को हत्या की नीयत से कुएं में फेंका और खुद नीचे उतरकर उसे पानी में डुबो दिया।
सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कुएं से आरोपी और बच्चे को बाहर निकाला। बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने घटना को अत्यंत पीड़ादायक और झकझोर देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में कानून को हाथ में लेना या मासूम जीवन के साथ इस प्रकार की क्रूरता अस्वीकार्य है। घरेलू तनाव या पारिवारिक विवाद का समाधान हिंसा नहीं हो सकता। उन्होंने समाज और परिवारों से मानसिक तनाव के संकेतों को गंभीरता से लेने की अपील की और कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों पर पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करती रहेगी।
