Budget 2026: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को आयोजित पत्रकारवार्ता में कहा कि केंद्रीय बजट के जरिए उत्तराखंड में करीब 40 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में पर्यावरण संरक्षण के साथ संतुलित विकास को प्राथमिकता दी जाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देवभूमि उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है और इसी कारण बजट में राज्य के हितों का खास ध्यान रखा गया है। उन्होंने केंद्रीय बजट को उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों के लिए संतुलित बताते हुए कहा कि यह क्षेत्रीय विकास की बड़ी संभावनाएं लेकर आया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। उन्होंने बताया कि 16वें वित्त आयोग से राज्य को लगभग 1800 करोड़ रुपये अतिरिक्त मिलने की उम्मीद है, जिससे विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
LIVE: केंद्रीय बजट 2026 – 27 के संबंध में प्रदेश भाजपा कार्यालय, देहरादून में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) February 2, 2026
https://t.co/mpYUNtnsaS
सीएम धामी ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रैकिंग ट्रेल्स के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और स्थानीय गाइडों के कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही बादाम और अखरोट जैसी पर्वतीय फसलों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
उन्होंने बताया कि स्थानीय उद्योगों के पुनर्जीवन से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और पर्यटन गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट भारत के भविष्य की अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे दीर्घकालिक विकास को बल मिलेगा।
इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि राज्य में आयुष एम्स की स्थापना के लिए केंद्र सरकार से अनुरोध किया जाएगा, ताकि उत्तराखंड को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी एक नई पहचान मिल सके।
