Rule Change From 1st February 2026: फरवरी महीने की शुरुआत के साथ ही देश में कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं, जिनका सीधा असर आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है। 1 फरवरी को जहां देश का आम बजट पेश किया जा रहा है, वहीं इसी दिन से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों से लेकर हवाई सफर, फास्टैग नियम और तंबाकू उत्पादों तक से जुड़े कई नए नियम भी प्रभाव में आ गए हैं।
एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में इजाफा

ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने फरवरी के पहले दिन एलपीजी सिलेंडर की नई कीमतें जारी की हैं। लगातार दूसरे महीने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं। इस बार इसकी कीमतों में करीब 50 रुपये का इजाफा किया गया है। नई दरों के मुताबिक, दिल्ली में यह सिलेंडर 1691.50 रुपये से बढ़कर 1740.50 रुपये का हो गया है। कोलकाता में इसके दाम 1795 रुपये से बढ़कर 1844.50 रुपये, मुंबई में 1642.50 रुपये से बढ़कर 1692 रुपये और चेन्नई में 1849.50 रुपये से बढ़कर 1899.50 रुपये हो गए हैं। हालांकि, 14 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे आम उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
हवाई सफर होगा सस्ता (ATF कीमतों में कटौती)

एलपीजी के बाद हवाई यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। 1 फरवरी से एयर टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में कटौती की गई है। एटीएफ के दाम घटने से आने वाले दिनों में हवाई टिकट सस्ते हो सकते हैं। दिल्ली में एटीएफ की कीमत 92,323.02 रुपये प्रति किलोलीटर से घटकर 91,393.39 रुपये हो गई है। कोलकाता में यह 95,378.02 रुपये से घटकर 94,445.62 रुपये, मुंबई में 86,352.19 रुपये से घटकर 85,474.63 रुपये और चेन्नई में 95,770 रुपये से कम होकर 94,781.99 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है।
पान-मसाला और सिगरेट पर नया टैक्स

फरवरी की पहली तारीख से तंबाकू उत्पादों और पान मसाला के शौकीनों को झटका लग सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार ने तंबाकू और पान मसाला पर अतिरिक्त टैक्स लगाने की तैयारी कर ली है। जीएसटी के अलावा अब इन उत्पादों पर नया उत्पाद शुल्क और स्वास्थ्य एवं राष्ट्रीय सुरक्षा उपकर लगाया जाएगा। इससे सिगरेट, पान मसाला और अन्य तंबाकू उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही है।
FASTag केवाईसी (KYC) नियम में राहत

हाईवे पर सफर करने वालों के लिए भी 1 फरवरी से नियमों में बदलाव हुआ है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने फास्टैग यूजर्स को राहत देते हुए नया फैसला लिया है। अब कार, जीप और वैन के लिए फास्टैग जारी करते समय केवाईसी वेरिफिकेशन की प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है। इससे नए फास्टैग बनवाने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान हो जाएगी।
फरवरी में बैंकों की छुट्टियां

इसके अलावा फरवरी महीने में बैंक से जुड़े काम करने वालों को भी सतर्क रहने की जरूरत है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की ओर से जारी बैंक हॉलिडे लिस्ट के अनुसार, इस महीने साप्ताहिक अवकाश के अलावा छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती जैसे अवसरों को मिलाकर करीब 10 दिन बैंक बंद रहेंगे। खास बात यह है कि फरवरी की शुरुआत ही छुट्टी के साथ हो रही है, ऐसे में जरूरी बैंकिंग काम पहले से प्लान करना बेहतर रहेगा।
कुल मिलाकर फरवरी की शुरुआत कई बड़े बदलावों के साथ हुई है, जिनका असर गैस सिलेंडर, हवाई यात्रा, हाईवे सफर, तंबाकू उत्पादों और बैंकिंग सेवाओं पर साफ तौर पर देखने को मिलेगा।
