लाहौर: लश्कर-ए-तैय्यबा के सह-संस्थापकों में से एक और हाफिज सईद का बेहद करीबी अमीर हमजा मंगलवार रात हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, हमजा पर उसके ही घर में अज्ञात बंदूकधारी ने गोलीबारी की। हालांकि उसकी जान बच गई है, लेकिन उसे गोली लगी है और वह दर्द से कराह रहा है। फिलहाल उसका इलाज लाहौर के एक अस्पताल में चल रहा है, जहां ISI उसकी सुरक्षा में तैनात है।
अमीर हमजा उन 17 लोगों में शामिल है जिन्होंने हाफिज सईद के साथ मिलकर लश्कर-ए-तैय्यबा की नींव रखी थी। आतंकी संगठन में अब्दुल रहमान और हाफिज सईद के बेटे तल्हा सईद के बाद उसकी अहम भूमिका मानी जाती है। वह संगठन के ऑपरेशनल प्लानिंग में भी सक्रिय रहता है।
हमले के पीछे का मकसद अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। हमलावर की पहचान अभी नहीं हो सकी है, और पूरे मामले की जांच पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
