‘वेलकम टू द जंगल’ का नया गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज: अक्षय कुमार और भोजपुरी स्टार अक्षरा सिंह की जोड़ी ने मचाया धमाल

फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ अपने ऐलान के बाद से ही अपनी बड़ी स्टारकास्ट, कॉमिक अंदाज़ और मनोरंजन से भरपूर दुनिया को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। अब मेकर्स ने फिल्म का नया गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज कर दिया है, जिसने आते ही सोशल मीडिया और म्यूजिक लवर्स के बीच जबरदस्त हलचल मचा दी है।

Ghis Ghis Ghis Song Release: अपनी विशाल स्टारकास्ट और बड़े कॉमिक यूनिवर्स को लेकर पहले ही जबरदस्त चर्चा में बनी हुई फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ ने अब अपना नया गाना ‘घिस घिस घिस’ रिलीज कर दिया है। यह गाना बॉलीवुड और भोजपुरी तड़के का ऐसा धमाकेदार संगम है, जो प्ले लिस्ट, शादियों और सोशल मीडिया रील्स पर छाने के लिए पूरी तरह तैयार है। जंगली म्यूजिक द्वारा प्रस्तुत ‘घिस घिस घिस’ अब सभी अहम ऑडियो प्लेटफॉर्म्स पर स्ट्रीम हो रहा है, जबकि इसका फुल म्यूजिक वीडियो टाइम्स म्यूज़िक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किया गया है।

अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह की पहली बार जमी जोड़ी

इस गाने की सबसे खास बात यह है कि इसमें अक्षय कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार अक्षरा सिंह की दमदार जोड़ी पहली बार साथ दिख रही है। दोनों की केमिस्ट्री और स्क्रीन प्रजेंस इस गाने में अलग ही आग लगाती दिख रही है। भव्य सेट्स, रंग-बिरंगे विजुअल्स, फेस्टिव वाइब्स और वायरल होने वाले हुक स्टेप्स के साथ इस गाने को पूरी तरह मास ऑडियंस को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

बिल्कुल अलग देसी अंदाज़ में दिखे अक्षय कुमार

अक्षय कुमार इस गाने में बिल्कुल अलग अंदाज़ में नजर आ रहे हैं। अपने कूल डांस मूव्स के लिए पहचाने जाने वाले अक्षय इस बार देसी और रस्टिक अवतार में पूरी तरह छा गए हैं। विक्रम मोंट्रोस द्वारा कंपोज़ किया गया ‘घिस घिस’ गाना हाई एनर्जी, देसी स्वैग और फुल ऑन मस्ती से भरपूर एंटरटेनर है। विक्रम मोंट्रोस और सुप्रिया पाठक की दमदार आवाजों के साथ, अभिनव शेखर द्वारा लिखे गए बोल इस गाने में ‘वेलकम’ फ्रेंचाइज़ी की वही रंगीन, शोरगुल वाली और एंटरटेनिंग दुनिया को जिंदा करते हैं, जिसे दर्शक बेहद पसंद करते हैं। गाने का हुक आइडिया इश्तेयाक मुस्ताक का है, जबकि इसका म्यूजिक प्रोडक्शन आकाश यादव और विक्रम मोंट्रोस ने किया है।

गाने को लेकर बात करते हुए कंपोजर और सिंगर विक्रम मोंट्रोस ने कहा कि वे इस गाने को पूरी तरह बेफिक्र और खुलकर एंजॉय किए जाने वाला गाना बनाना चाहते थे, जिसमें बॉलीवुड की एनर्जी, भोजपुरी फ्लेवर और वेलकम टू द जंगल का पागलपन सबकुछ एक साथ देखने को मिले।

सोशल मीडिया पर दर्शकों ने कहा- “बवाल मचा दिया”

इस गाने को लोग काफी पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि आप दोनों ने बवाल मचा दिया है। वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा कि पुराने वाले अक्षय अब अपने पुराने अंदाज में वापस आ चुके हैं। इसके अलावा लोगों का कहना है कि भोजपुरी और बॉलीवुड का यह तड़का अब हमेशा याद किया जाएगा और उन्होंने अक्षय कुमार को इस अवतार में आज तक कभी नहीं देखा है।

रिलीज से पहले सितारों का सोशल मीडिया पोस्ट

‘वेलकम टू द जंगल’ फिल्म 26 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। गाने की रिलीज से पहले अक्षय कुमार ने इंस्टाग्राम पर मोशन वीडियो पोस्ट किया था जिसमें अक्षय कुमार और अक्षरा सिंह दोनों ही काफी अनोखे और मजेदार अंदाज में थिरकते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो पोस्ट कर अक्षय ने लिखा था कि यह तो बस एक छोटी सी झलक है और दर्शक तैयार हो जाएं क्योंकि अब जंगल का माहौल पूरी तरह बदलने वाला है। वहीं, अक्षरा सिंह और तुषार कपूर ने भी मोशन वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा था कि स्पीकर फटेगा और पूरा डांस फ्लोर ब्रेक होगा।

फिल्म के निर्माता और बड़ी स्टारकास्ट

अहमद खान द्वारा निर्देशित ‘वेलकम टू द जंगल’ को ए.ए. नाडियाडवाला, केप ऑफ गुड फिल्म्स और स्टार स्टूडियो18 द्वारा सीता फिल्म्स और राकेश डांग के सहयोग से प्रस्तुत किया जा रहा है। यह बेस इंडस्ट्रीज ग्रुप प्रोडक्शन है, जिसे राकेश डांग और वेदांत विकास बाली ने प्रोड्यूस किया है और फिल्म के निर्माता फिरोज़ ए. नाडियाडवाला हैं।

इस फिल्म में एक बेहद विशाल स्टारकास्ट नजर आने वाली है, जिसमें अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, दिशा पटानी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज़ खान (अर्जुन), स्वर्गीय पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्या सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कई बेहतरीन कलाकार शामिल हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale