आईपीएल 2026 में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सुर्खियां बटोर रहे वैभव सूर्यवंशी इन दिनों मैदान के बाहर भी चर्चा में हैं। सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनका मजाकिया और जमीन से जुड़ा अंदाज लोगों को खूब पसंद आ रहा है।
वायरल वीडियो में वैभव एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में बैठे नजर आते हैं, तभी दो छोटे बच्चे उनके पास आकर सेल्फी लेने की गुजारिश करते हैं। इस पर वैभव मजाकिया अंदाज में गंभीर होते हुए कहते हैं, “भाई मैं फोटो के लिए पैसे लेता हूं, 100 रुपये लूंगा, दोगे तो बोलो।” अपने पसंदीदा खिलाड़ी के साथ तस्वीर खिंचवाने के उत्साह में बच्चे तुरंत 200 रुपये निकालकर देने को तैयार हो जाते हैं। हालांकि, अगले ही पल वैभव हंसते हुए बताते हैं कि वह सिर्फ मजाक कर रहे थे और फिर बच्चों के साथ खुशी-खुशी फोटो खिंचवाते हैं। बच्चों ने भी मुस्कुराते हुए उन्हें धन्यवाद कहा।
वैभव के इस सहज और विनम्र व्यवहार की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। फैंस उन्हें ‘डाउन टू अर्थ’ खिलाड़ी बताते हुए उनके इस अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं।
मैदान पर भी इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में वैभव का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। महज 15 साल की उम्र में उन्होंने टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे कर इतिहास रच दिया और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।
उनकी सबसे यादगार पारी 25 अप्रैल 2026 को जयपुर में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ देखने को मिली, जहां उन्होंने सिर्फ 36 गेंदों में शतक जड़ दिया और 37 गेंदों में 103 रन बनाकर सभी को चौंका दिया। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर वह आईपीएल इतिहास में सबसे तेज दो शतक लगाने वाले बल्लेबाजों में भी शामिल हो गए हैं।
इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन कर वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। अब फैंस उन्हें जल्द ही भारतीय टीम की नीली जर्सी में देखने के लिए उत्सुक नजर आ रहे हैं।
