Uttarakhand Weather Today: उत्तराखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में अगले कुछ दिनों तक बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इसके साथ ही विभाग ने बिजली गिरने और आंधी को लेकर चेतावनी भी जारी की है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, गुरुवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, टिहरी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने बताया कि 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भी संभावना है। विशेष रूप से उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां ओलावृष्टि और तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने और जरूरी एहतियाती इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के समय पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखें। मौसम विभाग ने 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश और खराब मौसम का अलर्ट जारी किया है। वहीं 29 मई को उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में कई स्थानों पर भारी से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
राज्य में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी का असर लगातार बना हुआ है। मैदानी इलाकों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। बुधवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि पंतनगर में तापमान 38.4 डिग्री दर्ज हुआ। पहाड़ी क्षेत्रों में नई टिहरी का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और मुक्तेश्वर का तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 24 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद मौसम में परिवर्तन देखने को मिल सकता है। अगले दो से चार दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
