चमोली, उत्तराखंड: जनपद चमोली के पुलिस चौकी गौचर क्षेत्रान्तर्गत पनाई गांव में 14 जुलाई 2025 को एक बरसाती गदेरे (छोटी नदी) में अचानक पानी बढ़ने से पांच बच्चे बह गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) और स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन बच्चों को सकुशल रेस्क्यू कर लिया, जबकि दो अन्य बच्चों को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस चौकी गोचर को 14 जुलाई को सूचना मिली कि पनाई गांव के समीप एक गदेरे में 2 से 3 बच्चे फंसे हुए हैं। इस सूचना पर तत्काल एसडीआरएफ पोस्ट गोचर से उपनिरीक्षक श्री जगमोहन सिंह के नेतृत्व में एक सब-टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुँचने पर ज्ञात हुआ कि कुल पांच बच्चे गदेरे में फंसे हुए थे। एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर तेजी से बचाव अभियान चलाया और तीन बच्चों को सुरक्षित रूप से बाहर निकालने में सफल रही।
शेष दो बच्चे गदेरे के तेज बहाव में बह गए थे। एसडीआरएफ टीम के अथक प्रयासों के बाद उन्हें तलाश कर बेहोशी की अवस्था में बरामद कर लिया गया।
दोनों गंभीर बच्चों को प्राथमिक उपचार के लिए घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर मुख्य सड़क तक लाया गया, जहाँ से उन्हें आगे के उपचार के लिए तुरंत अस्पताल भिजवाया गया।
