लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और इसके नजदीकी जिलों में मंगलवार की रात से मौसम ने अचानक करवट ली है। 31 मार्च की देर रात शुरू हुई हल्की बूंदाबांदी ने बुधवार सुबह होते-होते झमाझम बारिश का रूप ले लिया। शहर के गोमती नगर, हजरतगंज, आलमबाग, अंसल और पीजीआई समेत कई प्रमुख इलाकों में सुबह से रुक-रुक कर हो रही बरसात ने पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही तपिश को काफी कम कर दिया है। ठंडी हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया है और लखनऊ के तापमान में करीब 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार सुबह न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास रहा, जिससे लोगों को मार्च के आखिर में जून जैसी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, यह बदलाव एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बारिश का यह सिलसिला अगले 24 से 48 घंटों तक जारी रह सकता है। इस दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की गई है, जिसका असर राजधानी के बाहरी इलाकों में देखने को मिल सकता है। हालांकि, विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह राहत अस्थायी हो सकती है और अगले तीन दिनों में धूप के तेवर फिर से तीखे होने के साथ तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
लंबी अवधि के पूर्वानुमान की बात करें तो उत्तर प्रदेश में इस बार गर्मी पिछले सालों के मुकाबले ज्यादा सताने वाली है। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, अप्रैल से जून के बीच लू (Heatwave) के दिनों की संख्या में इजाफा होगा। विशेष रूप से पश्चिमी यूपी की तुलना में पूर्वांचल और मध्यांचल में गर्मी की तल्खी ज्यादा रहेगी। हिंद महासागर की तटस्थ स्थिति के प्रभाव के कारण अप्रैल में सामान्य से अधिक बारिश होने की उम्मीद है, जिससे बीच-बीच में थोड़ी राहत तो मिलेगी, लेकिन समग्र रूप से ग्रीष्म ऋतु का तापमान सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर गौर करें तो मंगलवार को बांदा 40.2 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं प्रयागराज में 38.8 डिग्री और अमेठी में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मंगलवार को सहारनपुर, मथुरा और अलीगढ़ जैसे हिस्सों में छिटपुट बूंदाबांदी के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलीं। राजधानी लखनऊ में भी मंगलवार की रात करीब 11 बजे अचानक चली तेज हवाओं ने मौसम का मिजाज बदल दिया था। फिलहाल, मौसम विभाग ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतें, क्योंकि आने वाले दिनों में विक्षोभ के शांत होते ही तपिश एक बार फिर तेजी से बढ़ेगी।
