UP Heatwave Alert: उत्तर प्रदेश में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है, जिससे पूरब से लेकर पश्चिम तक जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में सूरज के कड़े तेवर और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आज यानी मंगलवार से अगले शनिवार तक पूरे प्रदेश में भीषण लू (Heatwave) का प्रकोप बना रहेगा, जिससे फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
प्रयागराज लगातार दूसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वाराणसी भी पीछे नहीं है, वहां 44 डिग्री सेल्सियस के साथ भीषण गर्मी का सितम जारी है। सुल्तानपुर में पारा 43.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जबकि राजधानी लखनऊ में दिन का तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। खास बात यह है कि केवल दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब बेचैन करने लगी हैं। इटावा में न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे गर्म रात दर्ज की गई।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, बुंदेलखंड और दक्षिण उत्तर प्रदेश के 11 जिलों में हीटवेव की गंभीर स्थिति बनी हुई है। वहीं, पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर जैसे छह जिलों में ‘वार्म नाइट’ यानी बेहद गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के 25 से अधिक जिलों में पारा 40 डिग्री के पार जा चुका है। शुष्क पछुआ हवाओं के कारण नमी का स्तर गिर गया है, जिससे धूप की तपिश और ज्यादा महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले चार-पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा और लू की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को हीटस्ट्रोक के मरीजों के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, क्योंकि तापमान में लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ने की आशंका है।
