नर्मदापुरम: सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के मढ़ई कोर क्षेत्र स्थित लगदा कैंप में तैनात फॉरेस्ट चौकीदार बृजेंद्र तेकाम पर बीती रात एक टाइगर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
चौकीदार ड्यूटी के दौरान मोबाइल पर बात करने के लिए कैंप से बाहर निकला था। जैसे ही वह कैंप से करीब 10 मीटर दूर जाकर फोन पर बात करने लगा, उसी समय घात लगाए बैठे टाइगर ने उस पर हमला कर दिया। टाइगर के हमले में बृजेंद्र के कंधे पर गंभीर चोट आई।
घटना के समय मौजूद दूसरे चौकीदार रामदास ने बहादुरी दिखाते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर घायल बृजेंद्र को बचाया। रामदास की सूझबूझ से टाइगर भाग गया और बृजेंद्र को तुरंत कैंप के अंदर लाया गया। इसके बाद अधिकारियों को सूचना दी गई।
घटना के बाद बृजेंद्र को सरकारी गाड़ी से मढ़ई लाया गया और सोहागपुर अस्पताल में प्राथमिक इलाज कराया गया। वहां से उसे जिला अस्पताल नर्मदापुरम रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
