कानपुर में खौफनाक लापरवाही: डंपिंग साइट पर फेंकी गई एक्सपायर्ड चॉकलेट्स बटोरने उमड़ी भीड़, वीडियो वायरल

पनकी इंडस्ट्रियल एरिया से सामने आए एक वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। इसमें बड़ी संख्या में लोग एक डंपिंग साइट के पास पड़ी चॉकलेट और टॉफियों को इकट्ठा करते दिखाई दे रहे हैं। कोई इन्हें सीधे हाथों में उठा रहा है, जबकि कुछ लोग बैग, बोरे और डिब्बों में भरते नजर आ रहे हैं।

कानपुर में खुले में फेंकी गईं एक्सपायर्ड चॉकलेट-टॉफियां, वीडियो वायरल
कानपुर में खुले में फेंकी गईं एक्सपायर्ड चॉकलेट-टॉफियां, वीडियो वायरल

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित पनकी इंडस्ट्रियल एरिया से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक डंपिंग साइट के पास बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर जमीन पर फेंकी गईं चॉकलेट और टॉफियां बटोरते हुए नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद लोग कोई अपने हाथों में, तो कोई झोलों, बोरों और डिब्बों में भरकर इन खाद्य पदार्थों को ले जाता हुआ दिखाई दे रहा है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के असुरक्षित निस्तारण और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पनकी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री मालिक ने कथित तौर पर बिक्री के लिए अनुपयुक्त और एक्सपायर हो चुकी चॉकलेट व टॉफियों को डंपिंग साइट के पास खुले में फेंक दिया था। जैसे ही स्थानीय लोगों को इसकी भनक लगी, वहां भारी भीड़ जमा हो गई और देखते ही देखते लोग बड़ी मात्रा में चॉकलेट बटोरने लगे। हालांकि, अभी यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लोग इन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों को खुद खाने के लिए ले गए थे या किसी अन्य उद्देश्य से। विशेषज्ञों के अनुसार, रखरखाव की सही जानकारी न होने और एक्सपायर हो चुकी सामग्री के सेवन से गंभीर स्वास्थ्य संबंधी खतरे पैदा हो सकते हैं।

इस घटना ने उद्योगों द्वारा एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों के सुरक्षित और विधिक निस्तारण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। खाद्य सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि एक्सपायर्ड या खराब हो चुकी सामग्री को खुले में फेंकने के बजाय तय मानकों और प्रक्रियाओं के तहत नष्ट किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी व्यक्ति उसे उठाकर इस्तेमाल न कर सके।

फिलहाल इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है और संबंधित प्रशासनिक या खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। यह भी साफ नहीं है कि खाद्य विभाग ने इस मामले का संज्ञान लिया है या नहीं। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की जांच व आधिकारिक प्रतिक्रिया के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो सकेगी।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale