रीवा, मध्य प्रदेश: एक हृदयविदारक घटना में, सीधी से सटे रीवा जिले में बाढ़ का पानी पुल पर आने के कारण एक गर्भवती महिला अस्पताल नहीं पहुँच सकी और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। महिला को लगभग दो घंटे तक तड़पना पड़ा। यह घटना रविवार देर रात भनिगवां गांव की है।
जवा तहसील के भनिगवां गांव की रहने वाली प्रिया रानी कोल (सोनू कोल की पत्नी), जो 8-9 महीने की गर्भवती थी, की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे जवा अस्पताल लेकर जा रहे थे, तभी रास्ते में महना नदी का उफान तेज था, और पुल पर पानी भरा होने के कारण वे नदी के एक तरफ ही फंसे रहे।
करीब एक-दो घंटे तक प्रिया रानी कोल दर्द से तड़पती रही। इस दौरान गाँव के एक डॉक्टर (झोलाछाप) को बुलाया गया, जिसने महिला को देखकर मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि प्रिया रानी अपने ससुराल में रास्ते की खराब स्थिति के कारण मायके में रहने गई थी, ताकि वहाँ सुरक्षित डिलीवरी हो सके। लेकिन दुर्भाग्यवश, मायके से ससुराल तक प्रिया रानी के शव को ले जाने में भी परिजनों को काफी संघर्ष करना पड़ा, क्योंकि उन्हें 40 किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ा। ससुराल में भी सड़क न होने के कारण शव को बड़ी मुश्किल से अंतिम संस्कार के लिए ले जाया जा सका।
यह घटना एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में खराब सड़क संपर्क और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुँच की कमी के गंभीर परिणामों को उजागर करती है। हाल ही में सीधी जिले के खड्डी खुर्द गांव की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू भी सड़क न होने के कारण अपनी और अन्य गर्भवती महिलाओं की समस्या उठा रही थीं।
