राजौरी: जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के नौशहरा में मंगलवार देर रात (27 मई 2025) अचानक मौसम ने करवट बदली और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। इस प्राकृतिक आपदा से लोगों को काफी माली नुकसान हुआ है।
तेज आंधी-तूफान के कारण बिजली के बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए, और इनके गिरने से सड़कें भी अवरुद्ध हो गईं। कुछ जगहों पर पेड़ गाड़ियों पर गिरे, जिससे गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
नौशहरा बाजार में एक टीन शेड से बनी दुकान तेज हवा के कारण गिर गई। इसके अलावा, कई लोगों के घरों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। जिला राजौरी के अन्य हिस्सों में भी तेज आंधी-तूफान से लोगों को नुकसान हुआ है।
